बस्ती। नगर थाना क्षेत्र के ओठघनपुर के पास वाहन की चपेट में आकर मोटरसाइकिल सवार एक महिला की मौत हो गई। उसे गंभीर रूप से घायल अवस्था में परिजन प्राइवेट वाहन से लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां परीक्षण उपरांत डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
जानकारी के अनुसार नगर थाना क्षेत्र के महरीपुर निवासी 40 वर्षीय मोना देवी पत्नी श्रीराम अपने भतीजे दुर्गेश कुमार के साथ मोटरसाइकिल पर बैठकर रक्षा बंधन खरीदने नगर बाजार आ रही थी। अभी वह नगर थाना क्षेत्र के बस्ती अंबेडकरनगर मार्ग पर स्थित ओठघनपुर के पास पहुंची थी कि पीछे से तेज रफ्तार आ रहे अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल में ठोकर मार दिया। ठोकर लगने से वह सड़क पर गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गई।मोटरसाइकिल चला रहे उनके भतीजे को हल्की चोट आई। सूचना पाकर उसके परिजन भी मौके पर पहुँच गए, घायल को गंभीर हालत में प्राइवेट वाहन से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डाक्टर ने परीक्षण उपरांत उन्हे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना प्रभारी नगर देवेंद्र सिंह ने बताया कि मृतका के बेटे पंकज कुमार की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।