हादसे में मृत युवक का शव फेंक कर भाग निकला टेम्पो चालक

 

बस्ती। वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के
श्रीपालपुर टोला कटहापुर गांव के सिवान में एक टेम्पों में लाश को देख कर सनसनी फैल गई। इसकी सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। शव की पहचान सोनहा थाना क्षेत्र के खमरिया पूरब निवासी राजन (32) पुत्र रामदीन के रूप में हुई। छानबीन के दौरान पता चला कि हादसे में माौत के बाद टेम्पो चालक लाश को गांव के सिवान में फेंक कर भाग निकला था।
जानकारी के अनुसार सोनहा थाना क्षेत्र के खमरिया पूरब निवासी तीन युवक घर से दिल्ली जाने के लिए बस्ती रेलवे स्टेशन पहुंचे थे, ट्रेन छूट जाने के कारण वे वापस घर आ रहे थे, कोतवाली थाना क्षेत्र के बड़ेबन के पास टेंपो पकड़कर घर वापस जाते समय हरदिया चौराहे के पास सामने से अज्ञात टेलर ने टेम्पो में ठोकर मार दिया। इस हादसे में टेम्पो सवार श्याम सुंदर, रामकुमार, राजन,एक महिला और बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गये, आसपास के लोगों ने उपचार हेतु उन्हे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। इस बीच टेंपो चालक हादसे में मृत राजन को टेंपो से लेकर श्रीपालपुर के टोला कटहापुर गांव के सिवान में पहुंच गया, लाश को गांव के सिवान में फेंक कर वापस लौटते समय टेंपो कीचड़ में फंस जाने से उसे वहीं छोड़कर भाग गया। पुलिस के अनुसार घटना की जानकारी मृतक के भाई रामकुमार ने थाने पर दिया है। टेंपो को अभिरक्षा में लेकर पुलिस घटना की जांच कर रही है।