उधार लिये पैसे वापस देने के बहाने धोखे से होटल में ले जाकर की छेड़खानी

 

बस्ती। दुबौलिया थाना क्षेत्र निवासी एक महिला ने एक व्यक्ति पर धोखाधड़ी से 40 हजार रूपए ले लेने और रूपया देने के बहाने एक होटल में ले जाकर छेड़खानी करने का आरोप लगाया है। पीड़ित महिला ने कोतवाली थाना में दी गई तहरीर में कहा है कि गोंडा जिले के खोड़ारे थाना क्षेत्र के कोट खास निवासी रणविजय सिंह से 6 माह पूर्व रास्ते में आते जाते समय जान पहचान हुई। उसने उसे विश्वास में लेकर उससे 40 हजार रूपए उधार मांगे, जिस पर उसने आरोपी को रूपए दे दिए। जब उसने उससे अपने दिए गए रूपए वापस मांगे तो उसने उसे पैसा देने के लिए जिला अस्पताल बुलाया। वहां पहुंचने पर आरोपी उसे मोटर साईकिल पर बैठाकर एक होटल में ले गया, जहां 10 मिनट तक उसे होटल के कमरे में बैठाए रखा, इस दौरान उसने उसके साथ छेड़खानी की। किसी तरह वह उसके चंगुल से बचकर बाहर निकली, इसके बाद भी आरोपी ने उसका पीछा किया। मामले में तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ बीएनएस और एससीएसटी एक्ट की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस विवेचना कर रही है।