प्रयागराज कुंभ नगरी प्रयागराज आने वाले हर श्रद्धालु की ख्वाहिश होती है कि यहां के त्रिवेणी का पावन गंगाजल लेकर वह वापस घर जाए। महाकुंभ में आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं की इस ख्वाहिश को देखते हुए महाकुंभ के लिए एक नया स्टार्ट अप शुरू किया जा रहा है जिससे कुंभ वापसी के समय श्रद्धालुओं को गंगा जल उपलब्ध कराया जाएगा।
पुण्य भूमि प्रयागराज की पहचान है यहां का तीन पावन नदियों का वह संगम जहां गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती का मिलन होता है। इसी वजह से यहां के पवित्र जल का महत्व अधिक बढ़ जाता है। माघ मेला, कुंभ और महाकुंभ में यहां लोग स्नान करने आते हैं और अपने साथ संगम का जल ले जाते हैं। महाकुंभ में अधिक भीड़ होने के चलते बड़ी संख्या में लोगों को गंगाजल नहीं मिल पाता है या फिर उन्हें ऐसे बर्तन नहीं मिल पाते हैं जिसमें वह गंगाजल सुरक्षित तरीके से अपने घर तक ले जा सके। लेकिन इस बार महाकुंभ में श्रद्धालुओं को इसके लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। शहर के सभी बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों पर बोतल बंद और कलश में गंगा जल उपलब्ध होगा। स्वयं सहायता समूह की महिलाऐं इस जिम्मेदारी को निभाएंगी। उपायुक्त एनआरएल एम राजीव कुमार सिंह बताते हैं कि महाकुंभ के लिए यह स्टार्ट अप शुरू किया जा रहा है। महाकुंभ में स्नान के समय लोगों की भीड़ को देखते हुए यह व्यवस्था इस बार महाकुंभ में की जा रही है।