बस्ती। उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में लोकसभा चुनाव की मतगणना कल आठ बजे से होगी । प्रत्याशियों की रातें बड़ी मुश्किल से कट रही हैं अगले 24 घंटे में नतीजे आने शुरु हो जाएंगे। वहीं मतगणना स्थल पर पुलिस -प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं लेकिन पार्टी प्रतिनिधियों की ओर से भी 24 घंटे पहरा दिया जा रहा है। वह एक मिनट के लिए भी मंडी समिति में बने स्ट्रांग रूम से अपनी नजर नहीं हटा रहे हैं। ए लोग वहीं मंडी के बाहर आने वाले लोगों वाहनों की भी निगरानी कर रहे हैं। इसके अलावा प्रशासनिक व पुलिस अफसर हर दिन मतगणना स्थल का जायजा ले रहे हैं। पार्टी के प्रत्याशी भी चक्कर लगा रहे हैं।
आपको बताते चलें कि निष्पक्ष मतगणना कराने को लेकर चुनाव आयोग ने प्रेक्षको की तैनात की है। महाराष्ट्र कैडर की आईएस अफसर मायादेवी पटोले को विधानसभा रुधौली व महादेवा का आब्जर्वर तथा पंजाब कैडर की आईएएस बबिता को हर्रेया, कप्तानगंज व बस्ती सदर की जिम्मेदारी चुनाव आयोग ने सौंपी है। मतगणना का पूरा कार्य इन्हीं दो प्रेक्षकों की निगरानी में पूरा होगा।
बंद रहेंगी शराब-बीयर की दुकानें
मतगणना के दिन जिले में देशी-विदेशी शराब व बीयर की सभी दुकानें बंद रहेंगी।अब चार जून को चुनाव नतीजे घोषित होंगे। बस्ती लोकसभा सीट की मतगणना मंडी समिति में होगी।चुनाव आयोग के निर्देश के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी ने आदेश जारी किया है।पूछे जाने पर डीईओ राजेश त्रिपाठी ने बताया कि जिला निर्वाचन अधिकारी के आदेश पर चार जून सुबह छह बजे से मतगणना समाप्त होने तक जिले में मादक पदार्थ की बिक्री पर प्रतिबंध रहेगा। इसमें देसी शराब, अंग्रेजी शराब, बीयर, मॉडल शाप, बार व भांग की सभी थोक व फुटकर दुकानें बंद रहेंगी। आदेश के उल्लंघन पर कार्रवाई होगी।
पुलिस कप्तान गोपालकृष्ण चौधरी ने बताया मतगणना के दौरान किसी प्रकार की गड़बड़ी और सुरक्षा में कोई चूक न हो इसके लिए पांच लेयर की सुरक्षा बनाई गई है। उन्होंने स्वयं सुरक्षा का खाका तैयार किया है। कहा कि पहली, दूसरी, तीसरी, चौथी व पांचवी लेयर की सुरक्षा में छह सीओ, 187 निरीक्षक व उपनिरीक्षक, करीब 700 महिला व पुरुष पुलिसकर्मी लगे रहेंगे। दो कंपनी अर्द्धसैनिक बल (एसएसबी) और एक कंपनी पीएसी की भी तैनात रहेगी। सभी प्रवेश गेट पर मेटल डिटेक्टर लगाए जाएंगे। एजेंट व मतगणना कार्मिकों को उनका पास देखने और गहन तलाशी के बाद ही अंदर जाने की इजाजत दी जाएगी। मतगणना स्थल पर सिर्फ कार्मिक व एजेंट ही अंदर जाएंगे। वहीं सादे लिबास में करीब 30 पुलिसकर्मी, एएस चेक टीम मतगणना स्थल पर रहेगी।
—
मंडी समिति में मतगणना के दौरान तीन फायर टेंडर तैनात रहेंगे। फायर सर्विस विभाग के फायरमैन चौकस व सजग रहकर ड्यूटी करेंगे। किसी भी घटना की सूचना पर वह तत्काल मौके पर पहुंचेंगे। फायरमैन की टीम मतगणना के दौरान वहां भ्रमणशील रहेगी।
मतगणना सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में होगी। इसके लिए मंडी समिति में एक कंट्रोल रूम बनाया गया है। कंट्रोल रूम के जरिये मतगणना सहित सुरक्षा व्यवस्था का जायजा पुलिस व प्रशासन के अधिकारी लेंगे।