बस्ती। आपको बताते चलें कि अब अयोध्या- गोरखपुर व अंबेडकरनगर के रास्ते फोर व्हीलर पर सफर करना रविवार की आधी रात से मंहगा हो गया है। नई दरें लागू होते ही वाहन चालकों की जेब पर इसका असर पड़ना शुरु हो गया है। वैसे तो टोल की नई दरें पहली अप्रैल से ही लागू की जानी थी मगर लोकसभा चुनाव की वजह से दो महीने के लिए टाल दिया गया था। जैसे ही पहली जून को आखिरी चरण का मतदान शनिवार को पूरा हुआ। रविवार की आधी रात से नई दरें लागू कर दी गईं। अयोध्या, गोरखपुर व अंबेडकरनगर की ओर गुजरने वाले करीब दो लाख वाहन चालकों पर इसका सीधा असर पड़ने लगा है। एनएचएआई के परियोजना निदेशक ललित प्रताप ने पूछे जाने पर बताया कि नई टोल दरें रविवार की रात 12 बजे से लागू कर दी गई हैं। इसका नोटिफिकेशन जारी हो चुका है। चुनाव के चलते इसे दो महीने के लिए स्थगित रखा गया था। दो जून की आधी रात से लागू कर दिया गया है। चौकड़ी टोल प्लाजा के प्रबंधक संदीप मान ने बताया कि गाड़ियों के टोल टैक्स पर मामूली वृद्धि की गई है। कार, जीप, वैन व हल्के वाहन पर पांच रूपये की बढोत्तरी की गई है। जबकि हल्के कामार्शियल वाहन बस, ट्रक पर 10 रुपये, 14 से लेकर 22 चक्के की गाड़ियों पर 20 रुपये और ओवरसाइज वाहन के टोल टैक्स में 30 रुपये की वृद्धि हुई है।