सफाई कर्मचारी ने की 4 वर्षीय बच्ची के साथ दरिंदगी

प्रयागराज  में एक सफाई कर्मचारी ने गुरुवार रात घर के बाहर खेल रही चार साल की बच्ची से दरिंदगी कर डाली। कुछ देर बाद मासूम रक्तरंजित हालत में घर लौटी तो परिवारी जनों को पता चला। सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि हैवानियत करने वाला पड़ोस में रहने वाला व्यक्ति है।
लोगों ने खोजबीन शुरू की तो वह फरार हो गया। बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराकर पुलिस टीम आरोपित की तलाश में भेजी गई है। लालगोपालगंज स्थित एक सरकारी कार्यालय का कर्मचारी फूलपुर इलाके का रहने वाला है। कई वर्षों से वह किराए का मकान लेकर लालगोपालगंज में रहता है। वह सफाई व्यवस्था संभालता है। गुरुवार रात लगभग 8:30 बजे वह पड़ोस में घर के बाहर खेल रही चार वर्षीय बच्ची को फुसलाकर आबादी से दूर बगीचे की तरफ ले गया। उसके साथ दुष्कर्म किया। कुछ देर बाद वह घर लौटी तो उसका खून रिसता देख परिवार के लोग सन्न रह गए। उसने मां को बताया कि उसके साथ ऐसा किसने किया है। कुछ लोगों ने भी उसे पड़ोसी किराएदार के साथ देखा था। पुलिस ने बताया कि आरोपित जल्द पुलिस के चंगुल में होगा। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को फूलपुर सहित कई स्थानों पर भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *