क़ुदरहा,बस्ती। ऐतिहासिक रामजानकी मार्ग स्थित आचार्य रामचन्द्र शुक्ल बालिका इण्टर कालेज की छात्राओं ने बेहतर प्रदर्शन कर क्षेत्र में विद्यालय और अभिभावकों का मान सम्मान बढ़ाया है। विद्यालय की प्रधानाचार्या नन्दिता मिश्रा व प्रधानाध्यापिका प्रमिला सिंह ने सम्मान समारोह का आयोजन कर उदीयमान प्रतिभाओं का मुंह मीठा कराते हुए उनका माल्यार्पण कर उत्साहवर्धन किया। विद्यालय के प्रबन्धक डॉ कृष्ण प्रसाद मिश्र ने टापर छात्राओं को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। हाई स्कूल में 80% अंक के साथ वन्दना तिवारी ने विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं 78% अंक के साथ मनिका यादव ने दूसरा स्थान और 76% अंक के साथ सुनीता सिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इंटरमीडिएट के परीक्षा परिणाम में 85% अंक के साथ नेहा ने विद्यालय में प्रथम स्थान, 79% अंक के साथ अंजली ने द्वितीय स्थान व 76% अंक के साथ सरवर जहाँ ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सफल छात्राओं ने बताया कि शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन व कड़ी मेहनत के चलते अच्छा प्रदर्शन करने का मौका मिल सका है। विद्यालय के प्रबंधक डॉ के पी मिश्र ने सभी सफल छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय की प्रधानाचार्य नन्दिता मिश्रा ने बच्चों का मुंह मीठा करा कर खुशी जाहिर किया। कहा कि विद्यालय के सौ फीसद छात्रों ने सफलता अर्जित किया है। यह विद्यालय के लिए गौरव का विषय है।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से शिक्षक अनीता गुप्ता, सपना पाण्डेय, पूनम मिश्रा, सुशीला पाण्डेय, प्रतिभा, कौशिल्या, किरन, इन्द्रावती, पतरु सिंह, यज्ञदेव पाण्डेय, महेंद्र कुमार, सुबाष चौधरी, मुन्नी लाल के अलावा तमाम छात्र छात्राएं मौजूद रहे।