पुलिस मुठभेड़ में तीन बदमाशों के पैर में लगी गोली

सुल्तानपुर  तड़के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस और लुटेरों में मुठभेड़ हुई। गोली लगने के बाद तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। सभी का इलाज चल रहा है। वही एक सिपाही को भी गोली लगी है। घटना कादीपुर और जयसिंहपुर सर्किल क्षेत्र की है।    पहला मामला कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के मालापुर डबल नहर के पास की है। जहां मुखबिर की सूचना पर इंस्पेक्टर अशोक कुमार सिंह व सूरापुर चैकी इंचार्ज अभिषेक सिंह ने बदमाश किशन उर्फ टाइगर व उसके एक साथी की घेराबंदी की। इस पर उसने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। बचाव में पुलिस की ओर से भी फायर किया गया जिसमें एक गोली बदमाश किशन के पैर में लगी और वो गिर गया। वही अंधेरे का फायदा उठाकर उसका दूसरा साथी मौके से भाग निकला। पुलिस टीम घायल किशन को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कादीपुर ले आई। जहां उसका इलाज जारी है। सीओ कादीपुर विनय गौतम ने बताया कि पकड़े गए कुख्यात बदमाश किशन पर एक दर्जन से अधिक लूट व डकैती जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। उसके पास से एक तमंचा व एक बाइक बरामद हुई है। हमारी टीम उसकी क्रिमनल हिस्ट्री खंगाल रही और उसके साथी की तलाश की जा रही है।
वही सीओ लंभुआ अब्दुस सलाम ने बताया कि बीती रात लंभुआ कोतवाली पुलिस ने चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो लोगों को रोकने का प्रयास किया गया। बाइक सवार पुलिस पर फायर करके आगे निकल गए। इसकी सूचना पुलिस ने जयसिंहपुर व मोतिगरपुर पुलिस को अवगत कराया। दोनों थाने की फोर्स मियागंज पुलिया के पास इनकी घेराबंदी करती है। यहां पर जब उन्हें रोकने की कोशिश की गई तो वे नहर के रास्ते भागने का प्रयास करते हैं और आगे जाकर वो बाइक से गिर गए। बताया गया इसके बाद दोनों बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायर झोंका जिसमें सिपाही अवनीश कुमार को गोली लगी और वो घायल हो गया। इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और उन्हें इलाज के लिए सीएचसी ले जाया गया। पकड़े गए बदमाशों की पहचान धीरज उपाध्याय पुत्र राकेश उपाध्याय और शेर अली उर्फ शेरू पुत्र रकीब जो करौंदीकला थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
सीओ ने बताया कि बीते 28 फरवरी को जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के लखनऊ-बलिया हाइवे पर राघवपुर शुक्ल के पास स्थित रॉयल पेट्रोल पंप से दोनों बदमाशों ने 2.14 लाख की लूट की थी। मैनेजर शिवराम पाल निवासी महमूदपुर जंगल थाना मोतिगरपुर ने पुलिस को बताया था कि बिना नंबर प्लेट की एक काले रंग की पल्सर बाइक से पहुंचे तीन नकाबपोश बदमाश पंप पर पहुंचे थे। एक बदमाश बाइक चालू हालत में रखकर खड़ा था, जबकि दो नकाबपोश बदमाश ऑफिस में घुस आए थे। जब तक कोई कुछ समझ पाता दोनों बदमाशों ने तमंचों के बल पर 2.14 लाख रुपए लूट लिए और बाइक पर सवार होकर तेजी से कादीपुर की तरफ भाग निकले थे।
बाइक सवार तीन लोग डिवाइडर से भिड़े, एक युवक की मौत दो घायल
सुल्तानपुर (आरएनएस)। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हुआ। तीन लोग तेज स्पीड में बाइक लेकर जा लखनऊ से आजमगढ़ की ओर जा रहे थे। एकाएक बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। एक युवक की घटना में मौत हुई है, जबकि किशोर समेत दो घायल हुए हैं। जिनका इलाज अस्पताल में जारी है।
जानकारी के अनुसार अंबेडकर नगर के जहांगीरगंज थाना अंतर्गत मखदुमपुर गांव निवासी भानु पुत्र पूर्णमासी अपने साथ बाइक से सूरज (17वर्ष) पुत्र नन्हे व चंद्रदेव (50वर्ष) पुत्र हौसला निवासी ग्राम रतवा पार थाना अतरौलिया जिला आजमगढ़ को लेकर लखनऊ से आजमगढ़ जा रहा था। बाइक भानु चला रहा था और उसकी स्पीड काफी तेज थी। वे सभी जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र क किमी 144 पर पहुंचे थे ओवर स्पीड के कारण बाइक डिवाइडर से जाकर टकरा गई। तीनों व्यक्तियों को गंभीर आई। एंबुलेंस बुलाकर चंद्र देव व सूरज को सरकारी अस्पताल वीरसिहपुर थाना जयसिंहपुर और भानु को गंभीर अवस्था में राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वही राजकीय मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर ने भानु को मृत घोषित करते हुए कोतवाली नगर पुलिस को सूचना दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम में भेजकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दिया हैं। इस मामले में सहायक सुरक्षा अधिकारी त्रिलोकी नाथ पांडे ने बताया कि मौके पर तत्काल पहुंचकर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। बाइक को सेमरी टोल प्लाजा पर खड़ा करा दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *