प्रतापगढ़, बाबागंज(आरएनएस)। महेशगंज थाना क्षेत्र के नगर पंचायत हीरागंज में नया पुरवा के पास में असलहाधारी बदमाशों द्वारा आधी रात को बोलेरो लूट लिया। इस मामले में बोलेरो मालिक ने पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। समाचार लिखे जाने तक मुकदमे की कार्रवाई नहीं हो सकी थी। महेशगंज थाना क्षेत्र के गोगहर गांव निवासी विनोद कुमार श्रीवास्तव कुछ दिन पहले पुरानी बोलोरो खरीदी थी। रविवार को विनोद नया पुरवा निवासी जनार्दन केसरवानी के परिजनों को लेकर शादी समारोह में प्रयागराज गया था। रात करीब 1रू30 बजे जनार्दन को वापस घर पहुंचाने के बाद विनोद अपने घर जा रहा था। रास्ते मे हीरागंज की ओर से आए तीन बोलेरो सवार बदमाशों ने बोलेरी को ओवरटेक कर रोक लिया। आरोप है कि तीन नकाबपोश बदमाशों ने विनोद को पिस्टल सटाकर मारापीटा और बोलेरो छीन ली। बदमाशों ने विनोद को मारपीट कर गाड़ी के नीचे गिरा दिया और बोलेरो लेकर बाबागंज की ओर भाग निकले। पीड़ित ने तत्काल 112 नंबर पर फोन किया। सूचना के बाद पुलिस आधे घंटे बाद मौके पर पहुंची। पीड़ित ने सोमवार सुबह मामले की तहरीर पुलिस को दी। इंस्पेक्टर श्रवण कुमार सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।