डीएम की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई विकास कार्यों की समीक्षा बैठक

बहराइच 19 जनवरी। विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकास एवं जन कल्याणकारी योजनाओं तथा मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की मासिक समीक्षा हेतु कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक के दौरान जिलाधिकारी मोनिका रानी ने दिया कि सी एवं डी श्रेणी वाले विभाग प्रगति में सुधार लाकर विभागीय रैंकिग को ए अथवा बी श्रेणी में लाये तथा फीडिंग कार्य को अद्यतन रखा जाय। दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की योजनाओं की समीक्षा के दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को निर्देश दिया गया कि मेडिकल कालेज में दिव्यांगजनों के लिए आडियोमेट्रीक व बेराटेस्ट जांच की व्यवस्था कराएं ताकि दिव्यांगजनों को स्थानीय स्तर पर ही जांच की सुविधा मिल सके।

डीएम ने डीपीआरओ व बीएसए को निर्देश दिया कि मिशन कायाकल्प के अवशेष कार्याे को एक साथ पूर्ण कराया जाय। कार्य के प्रगति की नीचे स्तर पर नियमित संघन समीक्षा की जाय। सीवीओ को निर्देश दिये गये कि जनपद में अण्डा उत्पादन बढ़ाये जाने का प्रयास करें। छात्रवृत्ति योजनाओं की समीक्षा के दौरान डीएम ने निर्देश दिया कि सभी प्रकार की छात्रवृत्ति के लिए प्रधानाचार्याे के साथ बैठक कर समय से छात्रवृत्ति से सम्बन्धित आवेदन पत्रों का निस्तारण कराया जाय ताकि कोई भी पात्र छात्र योजना का लाभ प्राप्त करने से वंचित न रहे।

सरकारी कार्यालयों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समयबद्ध उपस्थित, भवनों की साफ-सफाई, अभिलेखों का रख-रखाव सुनिश्चित करने हेतु डीएम ने सीडीओ को निर्देश दिया कि अभियान संचालित कर कार्यालयों का आकस्मिक निरीक्षण करें। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की समीक्षा के दौरान डीडीओ व लीड बैंक प्रबन्धक को निर्देश दिये गये कि लम्बित आवेदन पत्रों का मिशन मोड में निस्तारण कराये।

जनपद में विभिन्न योजनाओं के अन्तर्गत रू. 50 लाख से अधिक लागत के निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी ने बताया कि जनपद में कुल रू. 549.05 करोड़ की लागत से विभिन्न योजनाओं के अन्तर्गत रू. 50 लाख से अधिक लागत की कुल 91 परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं जिसमें रू. 461.97 करोड़ की धनराशि व्यय कर 91 प्रतिशत वित्तीय एवं 69 प्रतिशत भौतिक प्रगति प्राप्त की गयी हैं। डीएम ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिया कि सीएमआईएस पोर्टल पर निर्माण कार्यों की फीडिंग को अद्यतन रखा जाय। डीएम ने प्रशासकीय विभागों को निर्देश दिया कि निर्माणाधीन परियोजनाओं का समय-समय पर स्वयं निरीक्षण कर निर्माण कार्यों को शासन द्वारा निर्धारित मानक व गुणवत्ता के पूर्ण कराएं तथा कार्यस्थलों के निरीक्षण की आख्या भी प्रेषित की जाय।

डीएम ने निर्देश दिया कि जिन परियोजनाओं की भौतिक प्रगति 85 प्रतिशत या उससे अधिक है उन्हें आगामी माह में पूर्ण कर लिया जाय। डीएम ने कार्यदायी संस्थाओं व प्रशासकीय विभागों को निर्देश दिया कि पूर्ण परियोजनाओं को हैण्डओवर की कार्यवाही तत्काल पूर्ण कर उन्हें जनोपयोग में लाया जाय। प्रशासकीय विभागों को निर्देश दिया गया कि कार्यदायी संस्थाओं द्वारा उपयोगिता प्रमाण पत्र उपलब्ध कराये जाने के 15 दिवस में कार्यों की जांच कराकर उपयोगिता प्रमाण-पत्र शासन को प्रेषित कर दिया जाय। डीएम ने कहा कि यदि अगली दी जानी है तो जांचोपरान्त अगली किश्त उपलब्ध करा दी जाय। इस कार्य में किसी प्रकार का विलम्ब न किया जाय। डीएम ने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिया कि महाराजा सुहेलदेव पर्यटन विकास योजना अन्तर्गत डोरमेट्री का निर्माण कार्य अतिशीघ्र पूर्ण कराएं।

इस अवसर पर सीडीओ रम्या आर., अपर जिलाधिकारी गौरव रंजन श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक नगर रामानन्द कुशवाहा, जिला विकास अधिकारी महेन्द्र कुमार पाण्डेय, मुख्य चिकित्साधिकारी डा एस.के. सिंह,मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ राजेन्द्र प्रसाद वर्मा, उपायुक्त मनरेगा के.डी. गोस्वामी, पीडीडीआरडीए राज कुमार सहित अन्य अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी डॉ. अर्चना सिंह, कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी तथा अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।

:ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *