जनपद में प्रारम्भ होगा जनगणना-2027 का द्वितीय चरण, 16 नवम्बर से आनलाइन पोर्टल पर जानकारी दर्ज कर स्व-गणना में सहयोग करें जनपदवासी
परिवार के प्रत्येक सदस्य से निर्धारित प्रश्नावली के अनुसार पूछे जाएंगे 40 प्रश्न
जनगणना के दौरान प्रत्येक व्यक्ति एवं परिवार द्वारा दी गई जानकारी पूरी तरह रहेगी गोपनीय
जनगणना कार्य में प्रगणकों को सहयोग करें आमजन
बहराइच । जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत 16 नवम्बर 2026 से 30 नवम्बर 2026 तक स्व-गणना तथा 01 दिसम्बर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक जनसंख्या की गणना एवं 05 जनवरी से 09 जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण दौर का संचालन किया जाना है। जनगणना-2027 के कार्य को जनपद में सफलतापूर्वक संपन्न कराने, स्व-गणना के प्रति आम जनमानस को जागरूक करने तथा जनगणना कार्य के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जन सहभागिता सुनिश्चित के उद्देश्य से उत्थान आडिटोरियम में आयोजित प्रेस-वार्ता के दौरान जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि जनगणना देश की एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से देश की जनसंख्या एवं उससे संबंधित आवश्यक आँकड़े संकलित किए जाते हैं। इन आँकड़ों का उपयोग देश की नीतियों, योजनाओं एवं विकास संबंधी निर्णयों के निर्माण में किया जाता है।
जनगणना-2027 के द्वितीय चरण में स्व-गणना की सुविधा 16 नवंबर से 30 नवंबर, 2026 तक उपलब्ध रहेगी। इस अवधि में परिवार आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर स्वयं अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। स्व-गणना की अवधि समाप्त होने के बाद 01 दिसंबर से 04 जनवरी 2027 तक प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा। बेघर व्यक्तियों की गणना 04 जनवरी 2027 की शाम को की जाएगी। इसके बाद 5 जनवरी से 9 जनवरी, 2027 तक पुनरीक्षण दौर आयोजित किया जाएगा। जनसंख्या गणना के दौरान परिवार के प्रत्येक सदस्य से निर्धारित प्रश्नावली के अनुसार कुल 40 प्रश्न पूछे जाएँगे। इन प्रश्नों के माध्यम से प्रत्येक व्यक्ति से संबंधित आवश्यक जानकारी संकलित की जाएगी।
डीएम ने बताया कि जनसंख्या गणना के दौरान परिवार के प्रत्येक सदस्य से व्यक्ति का नाम, मुखिया से संबंध, लिंग, जन्म तिथि और आयु (पूर्ण वर्ष में), वर्तमान वैवाहिक स्थिति, विवाह के समय आयु (पूर्ण वर्ष में), पति/पत्नी का नाम, घोषित राष्ट्रीयता, धर्म, अनुसूचित जाति (अ.जा.)/अनुसूचित जनजाति (अ.ज.जा.)/जाति, पिता का विवरण, माता का विवरण, दिव्यांगता, मातृभाषा एवं अन्य भाषाओं का ज्ञान, साक्षरता एवं डिजिटल साक्षरता की स्थिति, शैक्षणिक संस्थान में शिक्षा ग्रहण की स्थिति, प्राप्त शिक्षा का उच्चतम स्तर तथा संकाय/विषय, पिछले वर्ष किसी भी समय कोई कामकाज किया, आर्थिक कार्यकलाप की श्रेणी, व्यवसाय के बारे में प्रश्न पूछे जायेंगे।
जनसंख्या गणना के दौरान परिवार के प्रत्येक सदस्य से उद्योग, व्यापार अथवा सेवा का स्वरूप, कर्मी का वर्ग, गैर-आर्थिक कार्यकलाप (अल्पकालिक, अर्ध-अल्पकालिक और गैर कर्मी के लिए), काम की खोज में अथवा काम के लिए उपलब्ध (अल्पकालिक, अर्ध-अल्पकालिक और गैर कर्मी के लिए), कार्यस्थल तक की यात्रा, जन्म स्थान, पूर्व निवास स्थान, स्थान परिवर्तन का कारण, स्थान परिवर्तन के पश्चात इस गाँव/नगर में निवास की अवधि, स्थायी निवास स्थान का पता, वर्तमान में जीवित बच्चों की संख्या (केवल वर्तमान में विवहिता, विधवा, तलाकशुदा और संबंध विच्छेदित महिला के लिए), कभी भी जीवित पैदा हुए बच्चों की संख्या (केवल वर्तमान में विवहिता, विधवा, तलाकशुदा और संबंध विच्छेदित महिला के लिए), पिछले एक वर्ष के दौरान जीवित पैदा हुए बच्चों की संख्या (केवल वर्तमान में विवहिता महिला के लिए), कोविड-19 टीकाकरण का स्थान, बैंक खातों की कुल संख्या, मोबाइल नंबर (यदि उपलब्ध हो), आधार नंबर (यदि उपलब्ध हो), वोटर आईडी नंबर (यदि उपलब्ध हो), पासपोर्ट नंबर (यदि भारतीय पासपोर्ट धारक हैं), ड्राइविंग लाइसेंस की उपलब्धता इत्यादि के बारे में भी पूछा जायेगा।
जिलाधिकारी श्री पाण्डेय ने बताया कि निर्धारित क्षेत्र में निवास करने वाले प्रत्येक व्यक्ति को जनगणना में शामिल किया जाएगा। गणना के दौरान किसी भी व्यक्ति को आधार कार्ड, पहचान-पत्र या अन्य कोई दस्तावेज दिखाने की आवश्यकता नहीं होगी। जानकारी संबंधित व्यक्ति द्वारा दिए गए उत्तरों के आधार पर दर्ज की जाएगी। जनगणना के दौरान प्रत्येक व्यक्ति एवं परिवार द्वारा दी गई जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है। इसकी गोपनीयता जनगणना अधिनियम, 1948 की धारा 15 के अंतर्गत सुनिश्चित की गई है। जनगणना अधिनियम, 1948 की धारा 8 के अंतर्गत प्रत्येक उत्तरदाता का दायित्व है कि वह पूछे गए प्रश्नों का सही एवं पूर्ण उत्तर प्रदान करे। डीएम ने जनपदवासियों से अनुरोध किया है कि वे प्रगणकों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराकर जनगणना कार्य में सहयोग करें।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील है कि वे स्व-गणना में भाग लें तथा घर-घर गणना के दौरान प्रगणकों को पूरा सहयोग प्रदान करें। प्रत्येक प्रश्न का सही एवं पूर्ण उत्तर दें, ताकि जनगणना का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। जनगणना से प्राप्त सटीक आँकड़े देश की विकास यात्रा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसलिए यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है कि इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
:ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः