बहराइच पुलिस की बड़ी कामयाबी, 36 लाख रुपये कीमत के 170 गुमशुदा मोबाइल बरामद
बहराइच। जनपद बहराइच पुलिस और सर्विलांस सेल ने गुम एवं खोए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने विभिन्न थाना क्षेत्रों से अलग-अलग कंपनियों के कुल 170 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 36 लाख रुपये बताई गई है। शनिवार, 7 नवंबर को पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक धारकों को सौंप दिए।
पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी के पर्यवेक्षण में सर्विलांस टीम एवं थानों की मोबाइल रिकवरी टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। इस दौरान भारत सरकार के सीईआईआर (CEIR) पोर्टल की नियमित मॉनीटरिंग करते हुए विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम हुए मोबाइल फोन को खोजने में सफलता मिली।
बरामद मोबाइल फोन में एप्पल, सैमसंग, वीवो, ओप्पो, टेक्नो, रेडमी और वनप्लस सहित विभिन्न कंपनियों के मोबाइल शामिल हैं। अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे। लाभार्थियों ने बहराइच पुलिस का आभार जताते हुए पुलिस की तत्परता और कार्यप्रणाली की सराहना की।
इस सराहनीय कार्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली जनपदीय सर्विलांस टीम को पुलिस अधीक्षक ने पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की। अभियान में सीईआईआर पोर्टल पर नियुक्त कर्मियों तथा थाना स्तर पर गठित मोबाइल रिकवरी टीम का विशेष योगदान रहा।
पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की कि वे अपने मोबाइल फोन में प्ले स्टोर से संचार साथी एप डाउनलोड करें। मोबाइल गुम होने की स्थिति में मोबाइल की बिल रसीद, आईएमईआई नंबर, आधार कार्ड एवं अन्य पहचान पत्र के साथ स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराएं अथवा ऑनलाइन सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से शिकायत करें। इससे मोबाइल की बरामदगी की प्रक्रिया में मदद मिलेगी और पुलिस की कार्रवाई से संबंधित जानकारी पंजीकृत मोबाइल नंबर पर प्राप्त होती रहेगी।
बहराइच पुलिस की इस कार्रवाई से मोबाइल गुम होने की घटनाओं के पीड़ित लोगों को बड़ी राहत मिली है।