महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। धर्मनगरी अयोध्या में पुण्य स्मृति के अवसर पर एक भव्य भंडारे का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। इस धार्मिक आयोजन में अयोध्या के कई प्रतिष्ठित साधु-संतों, महंत तथा बड़ी संख्या में गृहस्थ श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर भोजन प्रसाद ग्रहण किया। यह आयोजन अनंत श्री विभूषित बड़े भक्तमाल पीठाधीश्वर महांंत कौशल किशोर दास महाराज के कृपा पात्र शिष्य, साकेतवासी महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 महांंत विजय रामदास महाराज की पुण्य स्मृति में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महांंत मयंक रामदास द्वारा भक्तिभाव व विधि-विधान के साथ संपन्न कराया गया। कार्यक्रम के दौरान संपूर्ण प्रांगण प्रभु श्रीराम के भजनों और जयकारों से गुंजायमान रहा। उपस्थित साधु-संतों ने साकेतवासी संत के प्रति अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके द्वारा सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार में दिए गए योगदान का स्मरण किया। भोजन प्रसाद वितरण के पश्चात आयोजकों द्वारा आए हुए साधु-संतों का आदर-सत्कार एवं दक्षिणा देकर आशीर्वाद प्राप्त किया गया। इस दौरान क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक और भक्तगण उपस्थित रहे।