गन्ना मूल्य में वृद्धि को लेकर मुख्यमंत्री से मिला सकारात्मक आश्वासन: चौधरी रामसिंह पटेल

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह के निर्देशानुसार, पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट करने पहुंचा। इस दौरान रालोद अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष चौधरी रामसिंह पटेल ने पेराई सत्र 2026-27 के लिए गन्ना किसानों की लागत के अनुरूप गन्ना मूल्य में अधिकतम वृद्धि की पुरजोर मांग उठाई।
क्षेत्रीय अध्यक्ष चौधरी रामसिंह पटेल ने बताया कि रालोद गन्ना किसानों के हितों को लेकर पूरी तरह गंभीर है। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के समक्ष वर्तमान कृषि चुनौतियों का जिक्र करते हुए बताया कि डीजल, खाद, बीज, कीटनाशक और मजदूरी की लागत में लगातार भारी वृद्धि होने के कारण गन्ने की उत्पादन लागत काफी बढ़ चुकी है। ऐसे में किसानों को उनकी मेहनत का उचित और लाभकारी मूल्य मिलना बेहद आवश्यक है।
माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों की इस समस्या को गंभीरता से सुना और इस विषय पर सकारात्मक आश्वासन दिया है। इस अवसर पर राष्ट्रीय लोकदल परिवार ने पिछले पेराई सत्र (2025-26) के दौरान गन्ना मूल्य में ₹30 प्रति क्विंटल की ऐतिहासिक वृद्धि किए जाने पर मुख्यमंत्री के प्रति हृदय से आभार भी व्यक्त किया। रालोद नेताओं ने दोहराया कि पार्टी सदैव किसान, मजदूर, नौजवान और गरीब के हितों की लड़ाई लड़ती आई है और आगे भी लड़ती रहेगी। उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ माने जाने वाले गन्ना किसानों के हितों के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा।