महसी तहसील में आयोजित हुआ पिंक समाधान दिवस, महिला शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर

महसी तहसील में आयोजित हुआ पिंक समाधान दिवस, महिला शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर

 

महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति किया गया जागरूक

 

बहराइच, 17 अक्टूबर। मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के तहत शनिवार को तहसील महसी में पिंक समाधान दिवस (मिशन शक्ति तहसील दिवस) का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में आमजन की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना गया। इस दौरान महिला संबंधी शिकायतों के त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को प्राथमिकता दी गई।

 

समाधान दिवस में अधिकारियों ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि महिला संबंधी शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। प्रत्येक प्रकरण की निष्पक्ष जांच करते हुए उसका नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण किया जाए। साथ ही, जरूरत के अनुसार विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर पात्र महिलाओं को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए, जिससे उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान हो सके।

 

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को मिशन शक्ति फेज-6.0 के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया गया। महिलाओं एवं बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा किसी भी प्रकार की समस्या या उत्पीड़न की स्थिति में पुलिस और संबंधित विभागों से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।

 

जिले की सभी तहसीलों में भी संबंधित क्षेत्राधिकारियों की अध्यक्षता में पिंक समाधान दिवस एवं मिशन शक्ति तहसील दिवस आयोजित कर जनसुनवाई की गई। इन कार्यक्रमों के माध्यम से महिला संबंधी मामलों के प्रभावी निस्तारण के साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों और सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

 

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता सहित पुलिस एवं प्रशासन के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।