नशा मुक्ति युवा फॉर विकसित भारत की थीम पर सम्पन्न हुआ युवा उत्सव 

नशा मुक्ति युवा फॉर विकसित भारत की थीम पर सम्पन्न हुआ युवा उत्सव

 

बहराइच 16 अक्टूबर। सेवा संकल्प अभियान अन्तर्गत ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने तथा उनकी कला एवं संस्कृति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग द्वारा जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देशानुसार नशा मुक्ति युवा फॉर विकसित भारत की थीम पर महिला पी.जी. कालेज में वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जनपद स्तरीय एक दिवसीय युवा उत्सव सांस्कृतिक कार्यक्रम (युवा उत्सव) का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ परियोजना निदेशक डीआरडीए मनीष कुमार द्वारा मॉ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए पीडी श्री कुमार ने सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के युवाओं को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने और अपनी कला को निखारने का एक बेहतरीन मंच प्रदान करते हैं। युवाओं की प्रस्तुति की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए श्री कुमार ने सभी प्रतिभागियों को निरन्तरता के साथ अभ्यास करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि निरन्तर अभ्यास से ही आप की प्रस्तुति में निपुणता आयेगी जिससे भविष्य के मार्ग प्रशस्त होंगे। युवा उत्सव के दौरान पेंटिंग, कविता लेखन, समूह लोकनृत्य, समूह लोकगीत, नुक्कड़ नाटक इत्यादि विधाओं में प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। जिसमें जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए छात्र-छात्राओं और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

उत्सव के अन्त में विभिन्न विधाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों एवं शिक्षण संस्थाओं को पुरस्कृत एवं सम्मानित किया गया। सरस्वती विद्या मंदिर ने नुक्कड़ नाटक, समूह लोक गायन में महिला पी.जी. कालेज, पेंटिंग में अंशिका, आयुष सिंह एवं सोनिया सिद्धार्थ ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान तथा कविता लेखन में मनस्वी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। उल्लेखनीय है कि एक दिवसीय उत्सव में युवा प्रतिभागियों ने रंगारंग प्रस्तुति से उपस्थित दर्शकों मंत्रगुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का संचालन अमित पाण्डेय द्वारा किया गया। इस अवसर पर युवा कल्याण विभाग से क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी विनम्र शुक्ला, विकास वर्मा, अजय गुप्ता, देवेश शुक्ला, अखिलेश चौधरी व आलोक सिंह सहित शिक्षण स्टाफ, बड़ी संख्या कालेज की छात्राएं व दर्शक मौजूद रहे।

:ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः