मिशन शक्ति के तहत छात्रा राबिया खातून बनीं एक दिन की थाना प्रभारी, छात्राओं को किया जागरूक

मिशन शक्ति के तहत छात्रा राबिया खातून बनीं एक दिन की थाना प्रभारी, छात्राओं को किया जागरूक

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

हर्रैया / बस्ती। मिशन शक्ति फेज-6.0 अभियान के तहत बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने, उन्हें महिला सुरक्षा एवं अधिकारों के प्रति जागरूक करने और पुलिस की कार्यप्रणाली से परिचित कराने के उद्देश्य से थाना हर्रैया पुलिस ने विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान पूर्व माध्यमिक विद्यालय महुआपार की छात्रा राबिया खातून को एक दिन के लिए थाना प्रभारी हर्रैया बनाया गया।

 

पुलिस अधीक्षक बस्ती ओमवीर सिंह के आदेश, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकान्त के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी हर्रैया स्वर्णिमा सिंह के पर्यवेक्षण में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राबिया खातून ने थाने पर आने वाली महिलाओं एवं अन्य फरियादियों की शिकायतें सुनीं। उन्हें पुलिस की कार्यप्रणाली और जनसमस्याओं के निस्तारण की प्रक्रिया से भी परिचित कराया गया।

 

कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं को थाना हर्रैया के महिला शक्ति केंद्र, महिला हेल्प डेस्क, सीसीटीएनएस कार्यालय, थानाध्यक्ष कार्यालय, हवालात, आगंतुक कक्ष और मिशन शक्ति कक्ष का भ्रमण कराया गया। पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न विभागों के कार्यों और शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया की जानकारी दी।

 

प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार और मिशन शक्ति टीम ने छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, छेड़छाड़ की घटनाओं की रोकथाम तथा बालिकाओं के अधिकारों के बारे में बताया। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में पुलिस से सहायता प्राप्त करने के तरीके भी समझाए गए।

 

इस दौरान छात्राओं को महिला सुरक्षा एवं सहायता से संबंधित हेल्पलाइन नंबर 1090, 181, 1076, 112, 1098 और साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 की जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने छात्राओं को जरूरत पड़ने पर इन हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।