बस्ती में 2222 किसानों के खातों में भेजे गए 2.65 करोड़ रुपये, बाढ़ और अतिवृष्टि से फसल नुकसान पर मिली राहत
कलेक्ट्रेट सभागार में 30 किसानों को प्रतीकात्मक रूप से वितरित किए गए चेक, राहत राशि सीधे बैंक खातों में अंतरित
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। उत्तर प्रदेश सरकार की कृषि निवेश अनुदान एवं राहत सहायता वितरण योजना के तहत सोमवार, 12 अक्टूबर को कलेक्ट्रेट सभागार में चेक वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही के संबोधन का सजीव प्रसारण किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने सुना। बाढ़ और अतिवृष्टि से फसलों को हुए नुकसान के एवज में जनपद के 2222 किसानों के बैंक खातों में कुल 2 करोड़ 65 लाख 66 हजार रुपये की राहत राशि डिजिटल माध्यम से अंतरित की गई।
प्रशासन के अनुसार, फसल क्षति के सर्वेक्षण में अब तक तहसील हर्रैया और सदर क्षेत्र के कुल 8457 किसान प्रभावित पाए गए हैं। इन किसानों की कुल 4002 हेक्टेयर फसल क्षतिग्रस्त हुई है। इसके सापेक्ष लगभग सात करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति राशि निर्धारित की गई है। राहत राशि किसानों के बैंक खातों में सीधे भेजी जा रही है, जिससे उन्हें समय पर सहायता मिल सके।
30 किसानों को प्रतीकात्मक रूप से बांटे गए चेक
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, हर्रैया विधायक प्रतिनिधि सरोज मिश्रा, कप्तानगंज विधायक प्रतिनिधि गुलाब सोनकर, सदर विधायक प्रतिनिधि मो. सलीम अहमद, एमएलसी प्रतिनिधि हरीश सिंह तथा प्रधान संघ अध्यक्ष सरवन तिवारी ने संयुक्त रूप से तहसील हर्रैया के 20 और तहसील सदर के 10 किसानों को प्रतीकात्मक रूप से चेक वितरित किए।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी ने कहा कि योगी सरकार में ‘किसान समृद्ध तो उत्तर प्रदेश समृद्ध’ का संकल्प साकार हो रहा है। किसानों को अब राहत राशि के लिए किसी बिचौलिए के पास जाने की जरूरत नहीं है। सरकारी सहायता सीधे उनके बैंक खातों में पहुंच रही है, जो पारदर्शी व्यवस्था का प्रमाण है।
ये किसान रहे शामिल
तहसील हर्रैया से महेंद्र सिंह, उमेश कुमार सिंह, शर्मिला, रामदेव यादव, लाल मोहम्मद, सुखई, राम प्रताप, फूलचंद्र, परशुराम, लक्षीराम, राकेश कुमार निषाद, राम पियारे, राम जगत, हरिश्चंद्र, राम विलास, विजय बहादुर, राम पांडेय, अरुण कुमार पांडेय, कोदई और मनकू को चेक वितरित किए गए।
वहीं, तहसील सदर बस्ती से मुन्ना राम, रामफेर, अवधेश, गेनालाल, सुनील, संदीप कुमार, रामवृक्ष यादव, गंगाराम, राज बहादुर और तारा सिंह को प्रतीकात्मक रूप से चेक प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी ज्ञान चंद्र गुप्ता, उप जिलाधिकारी हर्रैया प्रद्युम्न कुमार, राजेश यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।