मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत बस्ती पुलिस लाइन में सम्मान एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, मेधावी छात्राओं और महिला चिकित्सकों को किया गया सम्मानित
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के अंतर्गत सोमवार को पुलिस लाइन सभागार, बस्ती में भव्य सम्मान एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में करीब 200 महिलाओं, बालिकाओं और गणमान्य नागरिकों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं, बालिकाओं और मेधावी छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन महिला थाना प्रभारी निरीक्षक डॉ. शालिनी सिंह ने किया। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी सदर कुलदीप सिंह यादव तथा क्षेत्राधिकारी एलआईयू रुचि उपस्थित रहीं।
मेधावी छात्राओं को मिला सम्मान
कार्यक्रम में शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया। इनमें बेगम खैर गर्ल्स इंटर कॉलेज, बस्ती, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, बस्ती तथा पीएनबी उच्चतर प्राथमिक विद्यालय, दुबौलिया की मेधावी छात्राएं शामिल रहीं। छात्राओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की गई। इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं का उत्साहवर्धन करना और उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना रहा।
महिला चिकित्सकों के योगदान की सराहना
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने के लिए डॉ. कैप्टन पुष्पलता मिश्रा, डॉ. ऊषा सिंह और डॉ. नीलम सिंह को सम्मानित किया गया। उनके सराहनीय कार्यों की प्रशंसा करते हुए समाज में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया गया।
हेल्पलाइन नंबरों और सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को उनकी सुरक्षा से संबंधित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों और सरकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्हें आपातकालीन सहायता के लिए 112, महिला सुरक्षा के लिए 1090, महिला हेल्पलाइन 181 तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 सहित अन्य उपयोगी सेवाओं के बारे में जागरूक किया गया।
मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना तथा उन्हें सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना है। पुलिस लाइन में आयोजित यह कार्यक्रम महिला सशक्तीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।