जिलाधिकारी ने मनोरमा घाट का किया निरीक्षण, विसर्जन की सुरक्षा व्यवस्था पर दिए आवश्यक निर्देश
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। दुर्गा पूजा, दशहरा और मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के दृष्टिगत सोमवार, 12 अक्टूबर 2026 को जिलाधिकारी बस्ती ने हर्रैया कस्बे में सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मां दुर्गा के प्रतिमा पंडालों का भ्रमण किया तथा थाना हर्रैया क्षेत्र के अंतर्गत मनोरमा नदी पुल स्थित विसर्जन स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विसर्जन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। त्योहारों के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और विसर्जन प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
इस अवसर पर एसडीएम हर्रैया, क्षेत्राधिकारी हर्रैया, नगर पंचायत अध्यक्ष, नगर पंचायत हर्रैया के अधिशासी अधिकारी (ई ओ), प्रभारी निरीक्षक हर्रैया सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। साथ ही कस्बे के कई संभ्रांत व्यक्ति भी उपस्थित रहे।
प्रशासन द्वारा त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए व्यवस्थाओं पर नजर रखी जा रही है।