पुलिस ने त्योहारों को लेकर की पीस कमेटी बैठक: प्रतापगढ़ में मांधाता में नवरात्रि, दशहरा, दीपावली पर शांति बनाए रखने की अपील

पुलिस ने त्योहारों को लेकर की पीस कमेटी बैठक: प्रतापगढ़ में मांधाता में नवरात्रि, दशहरा, दीपावली पर शांति बनाए रखने की अपील

 

 

अनुराग उपाध्याय

 

प्रतापगढ़ में आगामी त्योहारों को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर मंगलवार दोपहर 12बजे करीब को कोतवाली मांधाता परिसर में पीस कमेटी की बैठक की। बैठक में नगर पंचायत मांधाता सहित क्षेत्र के विभिन्न गांवों और मोहल्लों से आए विभिन्न समुदायों के लोगों ने सहभागिता की। पुलिस प्रशासन ने सभी लोगों से आपसी सौहार्द और भाईचारा बनाए रखते हुए त्योहार मनाने की अपील की।

बैठक को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष मांधाता धनंजय राय ने कहा कि नवरात्रि, दुर्गा पूजा, दशहरा, धनतेरस और दीपावली जैसे त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के प्रतीक हैं। सभी लोग मिल-जुलकर शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाएं और किसी भी तरह की अफवाह या विवाद से बचें। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बेहतर माहौल बनाए रखने में पुलिस के साथ आम जनमानस की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। थानाध्यक्ष ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी गांव, क्षेत्र या मोहल्ले में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। डायल 112 पर फोन कर पुलिस की मदद ली जा सकती है। उन्होंने कहा कि पुलिस 24 घंटे जनता की सेवा और सुरक्षा के लिए तत्पर है। बैठक में मौजूद लोगों ने भी आगामी त्योहारों के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने का भरोसा दिलाया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि त्योहारों के दौरान संवेदनशील स्थानों पर निगरानी रखी जाएगी और किसी भी प्रकार की अराजकता या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बैठक का उद्देश्य सभी समुदायों के बीच आपसी समन्वय बढ़ाना और आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना रहा।