एमसीसी इंटरनेशनल स्कूल में गांधी शास्त्री जयंती पर प्रतियोगिताओं की धूम
विभिन्न प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा, अभिषेक उपाध्याय ने हासिल किया प्रथम स्थान
बस्ती। एमसीसी इंटरनेशनल स्कूल में 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए हिंदी निबंध अंग्रेजी निबंध चित्रकला एवं कविता पाठ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा के माध्यम से दोनों महापुरुषों के जीवन, विचारों एवं आदर्शों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने गांधी जी के सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के संदेश तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, ईमानदारी और देशसेवा के आदर्शों को अपनी रचनाओं एवं प्रस्तुतियों में उकेरा। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विद्यालय प्रबंधन की ओर से प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इन प्रतियोगिताओं में अभिषेक उपाध्याय ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। उनकी रचनात्मकता, विषय की समझ और प्रभावशाली प्रस्तुति की विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने विशेष रूप से सराहना की। विद्यालय के प्रबंधक ने अभिषेक को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। अभिषेक की इस उपलब्धि पर विद्यालय के शिक्षकों और सहपाठियों ने खुशी जताते हुए उन्हें आगे भी इसी तरह बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।