जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के प्रशिक्षण का शुभारंभ, अधिकारियों-कर्मचारियों को दिए गए जरूरी दिशा-निर्देश

जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के प्रशिक्षण का शुभारंभ, अधिकारियों-कर्मचारियों को दिए गए जरूरी दिशा-निर्देश

लवकुश सिंह संवाददाता अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

बस्ती। भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए मंगलवार को विकास भवन सभागार में प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। तीन बैचों में आयोजित होने वाले प्रशिक्षण में जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारियों एवं कार्मिकों को मास्टर ट्रेनर गोपाल मिश्र, दीपक गुप्ता, हेमन्त चौधरी एवं अखिल कुमार गुप्ता द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस दौरान जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने प्रशिक्षणार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से जनगणना किट भी प्रदान की।

जिलाधिकारी श्रीमती कृत्तिका ज्योत्स्ना ने कहा कि जनगणना का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसके लिए दिया जा रहा प्रशिक्षण भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों एवं कार्मिकों से प्रशिक्षण को पूरी गंभीरता एवं ध्यान से प्राप्त करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान सामने आने वाले प्रश्नों एवं जिज्ञासाओं को नोट करते हुए मास्टर ट्रेनरों से उनका समाधान प्राप्त करें, ताकि फील्ड में कार्य करते समय किसी प्रकार की कठिनाई न हो।

मुख्य विकास अधिकारी एवं अपर प्रमुख जनगणना अधिकारी सार्थक अग्रवाल ने कहा कि जनगणना कार्य में प्रत्येक कार्मिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए सभी प्रशिक्षणार्थी पूरी निष्ठा और मन लगाकर प्रशिक्षण प्राप्त करें तथा सभी बिंदुओं को ध्यानपूर्वक समझें।

अपर जिलाधिकारी एवं जनगणना अधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता ने बताया कि जनगणना निदेशालय द्वारा मास्टर ट्रेनरों की तैनाती की गई है, जो जनगणना से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तार से जानकारी दे रहे हैं। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से कहा कि अपनी सभी शंकाओं का समाधान प्रशिक्षण के दौरान ही प्राप्त कर लें।

जनगणना-2027 के द्वितीय चरण में 01 दिसंबर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक जनसंख्या गणना की जाएगी। इससे पहले 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी। 04 जनवरी 2027 की रात्रि बेघर लोगों की गणना की जाएगी, जबकि 05 से 09 जनवरी 2027 तक पुनरीक्षण चरण चलेगा।

प्रशिक्षण का पहला बैच 06, 07 एवं 08 अक्टूबर, दूसरा बैच 09, 10 एवं 12 अक्टूबर तथा तीसरा बैच 13, 14 एवं 15 अक्टूबर 2026 को प्रशिक्षण प्राप्त करेगा। प्रशिक्षण के दौरान जनगणना की कार्यप्रणाली, सूचनाओं के सही संकलन, आवश्यक अभिलेखों, डिजिटल माध्यम से आंकड़े दर्ज करने तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुपालन की जानकारी दी जा रही है।