सेवा शिविरों से आसान हुआ योजनाओं का लाभ – अखण्ड प्रताप सिंह
-सेवा संकल्प शिविर में योजनाओं की जानकारी लेने पहुंचे ग्रामीण
लवकुश सिंह संवाददाता अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। सेवा संकल्प अभियान के तहत विकासखंड हर्रैया के ब्लॉक सभागार में चल रहे पांच दिवसीय बहुउद्देशीय सेवा शिविर के चौथे दिन मंगलवार को मुख्य अतिथि भाजपा जिला उपाध्यक्ष अखंड प्रताप सिंह ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों और कर्मचारियों से योजनाओं की जानकारी ली।
शिविर में 18 विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए थे। विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने ग्रामीणों को अपने-अपने विभाग से संचालित योजनाओं, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी। मुख्य अतिथि ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना है। एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध होने से ग्रामीणों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की योगी सरकार जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए लगातार योजनाओं का विस्तार कर रही हैं। सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए इस तरह के शिविर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा, किसान, महिला, युवा, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी अनेक योजनाओं के माध्यम से लोगों को सीधे लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने सरकार की विभिन्न उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। संचालन एआरपी सन्तोष कुमार शुक्ल ने किया।
इस अवसर पर प्रमुख प्रतिनिधि योगेंद्र सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष शिवचरन जायसवाल, रवि पाण्डेय, आलोक सिंह, एआरपी रवीश कुमार मिश्र, राजीव शुक्ल, देवेंद्र ओझा, ममता त्रिपाठी, मस्तराम यादव, रिजवान अहमद, जावेद, विवेकानंद शुक्ल, डॉ. योगेश शुक्ल, आशीष शुक्ल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और ग्रामीण मौजूद रहे।