कबड्डी के मैदान में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, 44 टीमों ने आजमाई ताकत
मुंडेरवा ने सल्टौआ को हराकर जीता उद्घाटन मुकाबला, कलवारी ने अंडर-19 में दर्ज की शानदार जीत
बस्ती। आदर्श इंटर कॉलेज सल्टौआ में शनिवार को जनपद स्तरीय माध्यमिक विद्यालयीय कबड्डी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन हुआ। प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न माध्यमिक एवं राजकीय विद्यालयों की अलग-अलग आयु वर्ग की 44 टीमों ने प्रतिभाग किया। दिनभर कबड्डी के रोमांचक मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमखम, अनुशासन और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश महामंत्री अनिरुद्ध त्रिपाठी, युवा भाजपा नेता अभिनव उपाध्याय एवं विद्यालय प्रबंधक रविंद्र नाथ उपाध्याय ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और खेल भावना के साथ बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
उद्घाटन मुकाबले में मुंडेरवा की शानदार जीत
अंडर-17 बालक वर्ग के उद्घाटन मुकाबले में आदर्श इंटर कॉलेज सल्टौआ और गन्ना विकास इंटर कॉलेज मुंडेरवा की टीमें आमने-सामने रहीं। रोमांचक मुकाबले में मुंडेरवा की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए सल्टौआ को शिकस्त दी। वहीं अंडर-19 बालक वर्ग में झिनकू लाल त्रिवेणी राम चौधरी इंटर कॉलेज कलवारी ने महादेव शुक्ल किसान इंटर कॉलेज गौर को हराकर मुकाबला अपने नाम किया। मंच का संचालन डॉ. अजय कुमार शुक्ल ने किया।
ये रहे प्रतियोगिता के विजेता
अंडर-14 बालिका वर्ग में बेसिक शिक्षा विभाग की टीम ने प्रथम तथा आयोजक विद्यालय की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
अंडर-17 बालिका वर्ग में श्री नरेंद्र प्रसाद मिश्र शांति देवी इंटर कॉलेज बढ़नी प्रथम तथा गन्ना विकास इंटर कॉलेज मुंडेरवा द्वितीय रहा।
अंडर-19 बालिका वर्ग में औद्योगिक विकास इंटर कॉलेज बिहरा ने प्रथम और किसान इंटर कॉलेज भानपुर ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
अंडर-19 बालक वर्ग में नेशनल इंटर कॉलेज हरैया प्रथम तथा किसान इंटर कॉलेज भानपुर द्वितीय स्थान पर रहा।
निर्णायकों और रेफरी टीम ने संभाली जिम्मेदारी
प्रतियोगिता के सफल संचालन में मैच रेफरी रमेश गुप्ता, अमरनाथ मौर्य, विवेक श्रीवास्तव, कृष्ण कुमार पाठक, हरीश सिंह, बृजेश वर्मा, रणधीर सिंह, सुनील कुमार, बृजेश मिश्रा, आदित्य उपाध्याय एवं पवन मिश्रा का महत्वपूर्ण योगदान रहा। निर्णायक मंडल में संतोष पाण्डेय, माता प्रसाद त्रिपाठी, वेद प्रकाश द्विवेदी, विनोद मिश्र एवं सर्वदेव सिंह शामिल रहे।
आयोजन की व्यवस्थाएं आयोजक विद्यालय के शारीरिक शिक्षा शिक्षक प्रदीप कुमार त्रिपाठी, प्रभाकर ओझा एवं मंडलीय सचिव अमित कुमार यादव की देखरेख में संचालित की गईं। विद्यालय के प्रधानाचार्य संदीप कुमार श्रीवास्तव ने प्रतियोगिता में पहुंचे अतिथियों, खिलाड़ियों एवं जनपद के समस्त शारीरिक शिक्षा शिक्षकों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया।
मेडल और शील्ड से सम्मानित हुए विजेता
प्रतियोगिता के समापन पर आयोजक विद्यालय के प्रधानाचार्य ने विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को मेडल और शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार उपाध्याय, चक्रपाणि पाठक, रामभवन, कृष्ण देव दुबे, वीरेंद्र प्रसाद उपाध्याय, विकास भट्ट, नवनीत पांडेय, वीरेंद्र पांडेय, धनंजय दुबे, राम सिंह, माखन लाल, जितेंद्र कुमार सहित तमाम गणमान्य लोग, शिक्षक, खिलाड़ी एवं खेलप्रेमी मौजूद रहे।