उर्मिला एजुकेशनल एकेडमी में गांधी-शास्त्री जयंती पर स्वच्छता अभियान
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। उर्मिला एजुकेशनल एकेडमी में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक धीरेन्द्र शुक्ल, प्रबंधक निदेशक विनय शुक्ल, डॉ. राजन शुक्ल, प्रधानाचार्या शशिप्रभा त्रिपाठी एवं प्रधानाचार्य नरेन्द्र सिंह सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

इस अवसर पर वक्ताओं ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के संदेश तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगीपूर्ण जीवन, अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा के आदर्शों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इन महान विभूतियों के विचार आज भी समाज और युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी हैं। विद्यार्थियों को उनके जीवन मूल्यों से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित में योगदान देने का आह्वान किया गया।
प्रमुख चौराहों पर चला स्वच्छता अभियान
गांधी जयंती के अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। रोडवेज तिराहा, नेहरू चौराहा एवं भगत सिंह चौक पर अध्यापक-अध्यापिकाओं और छात्र-छात्राओं ने सफाई अभियान में सहभागिता की। इस दौरान सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई करने के साथ स्थानीय नागरिकों एवं राहगीरों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
विद्यालय परिवार ने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के मूल्यों को अपनाने का संकल्प लिया।