राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस पर एसआरडी हॉस्पिटल में बृहद रक्तदान शिविर
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के अवसर पर गुरुवार को गांधी नगर स्थित एसआरडी हॉस्पिटल में बृहद रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्वैच्छिक रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। एकत्रित रक्त महर्षि वशिष्ठ मेडिकल कॉलेज, बस्ती के ब्लड बैंक को उपलब्ध कराया गया।
एसआरडी हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. रोहन दूबे की अगुवाई में आयोजित शिविर का शुभारंभ एसपी चिल्ड्रेन्स एकेडमी की निदेशिका एवं समाजसेविका राखी दूबे ने किया। शिविर का उद्देश्य लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूक करना, सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहयोग करना रहा।
इस अवसर पर राखी दूबे ने कहा कि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है। दुर्घटना, प्रसव, गंभीर बीमारी, ऑपरेशन सहित विभिन्न चिकित्सकीय परिस्थितियों में समय पर रक्त की उपलब्धता जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने स्वस्थ लोगों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान किया।
डॉ. रोहन दूबे ने कहा कि रक्तदान किसी व्यक्ति का जीवन बचाने के साथ ही समाज के प्रति संवेदनशीलता, सहयोग और मानवीय जिम्मेदारी का परिचायक है। अस्पताल के प्रबंधक अनुराग पांडेय ने कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने तथा बस्ती के ब्लड बैंक को पर्याप्त रक्त उपलब्ध कराने के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।
शिविर में राखी, विष्णु कुमार शुक्ल, अनुराग पांडेय, प्रशांत मिश्र, इंद्रमणि मिश्र, विजयकांत दूबे, रमन शुक्ल, साधना मिश्रा, संदीप, घनश्याम, संजय पाल, सत्यम यादव, अंबिका चौधरी, भोलानाथ चौधरी, सीए अभिषेक मणि त्रिपाठी, शैलेंद्र कुमार वर्मा, अनुराग शुक्ल एवं पंकज त्रिपाठी सहित अन्य लोगों ने रक्तदान किया।
एसआरडी हॉस्पिटल की ओर से डॉ. अश्विनी शुक्ल एवं पिंकी उपस्थित रहीं। वहीं महर्षि वशिष्ठ मेडिकल कॉलेज के ब्लड बैंक की ओर से डॉ. सुमित शुक्ला (मेडिकल ऑफिसर), गोविंद शुक्ला (काउंसलर), राजेश (लैब टेक्नीशियन), अनिल कुमार (नर्सिंग ऑफिसर), मदन सिंह (लैब असिस्टेंट) एवं इस्मत (फार्मासिस्ट) ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।