लिटिल फ्लावर्स स्कूल बस्ती में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई दो महान विभूतियों की जयंती
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। आज दिनांक २ अक्टूबर शुक्रवार को लिटिल फ्लावर्स स्कूल सुरेंद्र नगर कटरा-बस्ती के पावन प्रांगण में महात्मा गाँधी एवं स्वतंत्र भारत के द्वितीय प्रधानमंत्री श्री लालबहादुर शास्त्री की जयंती बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनायी गई। जिसमे विद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षिकाओं के द्वारा विभिन्न प्रकार के गीत-संगीत एवं सांस्कृतिक मनमोहक एवं आकर्षक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक श्री सुरेंद्र प्रताप सिंह जी, निदेशक
श्री राहुल सिंह जी एवं विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती अपर्णा सिंह जी के ने माँ सरस्वती की पावन प्रतिमा, महात्मा गाँधी, लाल बहादुर शास्त्री एवं विद्यालय की संस्थापिका स्वर्गीया श्रीमती मधुरानी जी के चित्रों पर माल्यार्पण, पुष्पार्चन एवं दीप प्रज्वलित करके किया।
इस अवसर पर सर्वप्रथम विद्यालय के प्रबंधक महोदय ने राष्ट्र ध्वज तिरंगे को फहराया । उक्त कार्यक्रम में सर्वप्रथम प्री-प्राइमरी की शिक्षिकाओं के द्वारा ‘हे शारदे मां’ प्रार्थना एवं स्वागतगीत आकर्षक एवं मधुर स्वर में किया गया।
प्री-प्राइमरी की शिक्षिका कुसुम ने अपनी समस्त सहयोगियों के साथ महात्मा गाँधी के द्वारा गाये जाने वाले प्रसिद्ध
गीत ‘रघुपति राघव राजा राम’ मधुर स्वर में प्रस्तुत कर सभी को आह्लादित किया। वहीं शिवानी, सरिता, अनीता आदि शिक्षिकाओं ने ‘दे दी हमें आजादी’ ऐनक पकड़े लाठी ताने’ आदि गीत को प्रस्तुत कर सभी को भाव-विभोर किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रबंधक महोदय ने अपने प्रेरक संबोधन में महात्मा गाँधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन चरित्र पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के निदेशक श्री राहुल सिंह जी ने अपने संबोधन में कहा कि महात्मा गाँधी का जीवन सत्य, अहिंसा, त्याग, बलिदान, सद्भाव और समानता पर आधारित रहा है। जो हमेशा हम लोगों के लिए प्रेरणादायक रहेगा, उनके आचरण को हमें अपने जीवन में उतार कर लोकप्रियता अर्जित करनी चाहिए। अंत में उन्होंने सभी को गाँधी जयंती
की शुभकामनाएं देते हुए सभी को गाँधी जी के द्वारा बताए गए पद-चिन्हों पर चलने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती अपर्णा सिंह जी ने अपने ओजस्वी संबोधन में बापू और
शास्त्री जी के जीवन-चरित्र पर प्रकाश डालते हुए दोनों महान विभूतियों की सफलता एवं लोकप्रियता पर विस्तृत प्रकाश डाला।
उन्होंने गाँधी जी के चरित्र को आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने शास्त्री जी के चरित और संघर्ष पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शास्त्री जी ने अपने विचारों, आदर्शों और कर्मठता से भारतीय राजनीति में एक अलग पहचान बनाई। उनके द्वारा दिया गया नारा, ‘जय जवान, जय किसान’ आज भी देश के सैनिकों एवं किसानों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का द्योतक है।
वहीं विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षक श्री तैयब हुसैन जी ने लाल बहादुर शास्त्री एवं शिक्षिका दीपांशी पाण्डेय ने महात्मा गांधी के जीवन पर प्रासंगिक भाषण दिया। विद्यालय की वरिष्ठ समन्वयिका प्रीति अस्थाना ने कार्यक्रम का कुशल संचालन किया।
कार्यक्रम का समापन प्रतीक्षा सिंह अध्यापिका के आभार ज्ञापन से हुआ, उन्होंने सबको गाँधी जयंती की शुभकामनाएं देते हुए उपस्थित सभी जन समूह का आभार ज्ञापित किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में तन्मय पाण्डेय, राजमणि वर्मा, आनंद आर्या, मधु सिंह, साक्षी गुप्ता, शशि पाण्डेय, निष्ठा पाण्डेय, श्रद्धा सिंह, अर्पिता सिंह, रूचि आदि ने अपना अपूर्व योगदान दिया। इस अवसर पर श्रीकांत, श्रवण कुमार, अनूप बरनवाल, अरुण भट्ट, यशवंत, जेपी यादव, पूजा सिंह, रमाकांत द्विवेदी, अर्चना आदि शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित विद्यालय के अन्य शिक्षण एवं शिक्षणेतर कर्मचारी मौजूद रहे।