गांधी जयंती पर निकली पाक्सो जागरूकता रैली, सुरक्षित बचपन का दिया संदेश

गांधी जयंती पर निकली पाक्सो जागरूकता रैली, सुरक्षित बचपन का दिया संदेश

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश एवं जनपद न्यायाधीश श्री शमसुल हक के मार्गदर्शन में गांधी जयंती के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बस्ती के तत्वावधान में पाक्सो अधिनियम-2012 के प्रति जागरूकता के लिए प्रभात फेरी एवं जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। जनपद न्यायाधीश श्री शमसुल हक ने हरी झंडी दिखाकर रैली को जनपद न्यायालय परिसर से रवाना किया।

रैली में शिवहर्ष किसान इंटर कॉलेज, बेगम खैर गर्ल्स इंटर कॉलेज, खैर इंटर कॉलेज, गोविन्द राम सक्सेरिया इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। बच्चों ने “सुरक्षित बचपन, सुरक्षित कल”, “पाक्सो कानून सबसे सफल”, “पाक्सो कानून का एक ही नारा, सुरक्षित रहे बचपन हमारा” तथा “चुप रहना भूल जाओ, पाक्सो कानून अपनाओ” जैसे नारों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया।

रैली न्यायालय परिसर से कचहरी चौराहा, लाल बहादुर चौक और कम्पनी बाग होते हुए बेगम खैर इंटर कॉलेज पहुंचकर सम्पन्न हुई। इस दौरान जनपद न्यायाधीश श्री शमसुल हक ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और बच्चों के प्रति किसी भी प्रकार की हिंसा स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने पाक्सो अधिनियम को बच्चों को यौन हिंसा एवं उत्पीड़न से संरक्षण देने वाला महत्वपूर्ण कानून बताते हुए कहा कि कानून के साथ-साथ जनजागरूकता भी आवश्यक है।

उन्होंने जागरूक नागरिकों से पाक्सो कानून के प्रावधानों का व्यापक प्रचार-प्रसार कर इसे जनजागरूकता अभियान का रूप देने का आह्वान किया।

इससे पूर्व अभियान के प्रथम चरण में न्यायिक अधिकारियों द्वारा विभिन्न विद्यालयों में पहुंचकर छात्र-छात्राओं को पाक्सो अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी दी गई। अभियान के नोडल अधिकारी अपर जिला जज/विशेष न्यायाधीश पाक्सो एक्ट श्री अनिल कुमार-XIV तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री देवेन्द्र कुमार-प्रथम ने विद्यालयों एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों के समन्वय से अभियान को सफल बनाया।

रैली में प्रथम अपर जिला जज श्री कमलेश कुमार, अपर जिला जज श्री राम करन यादव, द्वितीय अपर जिला जज श्री जितेन्द्र गुप्ता, श्री प्रमोद कुमार गिरि, श्री विराट शिरोमणि, श्रीमती मीनाक्षी सोनकर, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री संदीप सहित अन्य न्यायिक अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक श्री संजय सिंह, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी, पराविधिक स्वयंसेवक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। रैली के दौरान सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए थे।