गांधी जयंती पर बस्ती में होंगे विविध कार्यक्रम, प्रभात फेरी से शुरू होगा आयोजन
बस्ती। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती 02 अक्टूबर को जनपद में विभिन्न कार्यक्रमों के साथ मनाई जाएगी। जिला प्रशासन द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दिनभर विभिन्न स्थानों पर प्रभात फेरी, ध्वजारोहण, प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम, फल वितरण एवं स्वच्छता अभियान आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 06 बजे से 07 बजे तक प्रभात फेरी से होगी। इसके बाद प्रातः 07 बजे से पैदल चाल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रातः 08 बजे ध्वजारोहण होगा, जबकि 09 बजे गांधी आश्रम में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
प्रातः 09:45 बजे से 10:45 बजे तक जिला कारागार में सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं खेलकूद प्रतियोगिताएं होंगी। वहीं प्रातः 10 बजे विभिन्न शिक्षण संस्थानों में गांधी जयंती के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पूर्वान्ह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक नाटक एवं निबंध प्रतियोगिता के पुरस्कार तथा प्रमाण पत्र का वितरण राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में किया जाएगा।
पूर्वान्ह 11 बजे अस्पतालों में मरीजों को फल आदि वितरित किए जाएंगे। प्रातः 11:30 बजे से 12:30 बजे तक बाल सुधार गृह में फल वितरण का कार्यक्रम होगा। अपराह्न 01 बजे वृद्ध सेवा आश्रम तथा हथियागढ़ कुष्ठ सेवा आश्रम में साफ-सफाई के साथ रोगियों को फल वितरित किए जाएंगे।
इसके अलावा मुख्यालय पर स्थित महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से स्वच्छता, सेवा, सद्भाव और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विचारों का संदेश दिया जाएगा।