डीएम ने छात्राओं से सुने 17, 14 और 19 के पहाड़े, बोले पढ़ाई में हमेशा आगे बढ़ने का रखें जज्बा
कस्तूरबा विद्यालय में छात्राओं से आत्मीय संवाद कर परखी शिक्षा की गुणवत्ता, कम उपस्थिति पर वार्डेन का स्पष्टीकरण तलब
बहराइच 01 अक्टूबर। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय बेगमपुर का निरीक्षण कर छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही शैक्षिक एवं आवासीय सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने कक्ष-कक्षों में पहुंचकर छात्राओं से आत्मीय संवाद किया और उनके पठन-पाठन की स्थिति के साथ विद्यालय में मिल रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं से 17, 14 और 19 के पहाड़े सुनकर उनकी शैक्षिक समझ को परखा तथा पढ़ाई के प्रति सकारात्मक सोच के साथ निरंतर आगे बढ़ने के लिए उनका उत्साहवर्धन किया। नामांकन के सापेक्ष छात्राओं की उपस्थिति कम पाए जाने पर जिलाधिकारी ने वार्डेन से जानकारी ली। संतोषजनक उत्तर न मिलने पर उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को संबंधित वार्डेन का स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवासीय विद्यालय में नामांकित प्रत्येक छात्रा की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए और अनुपस्थित रहने वाली छात्राओं के संबंध में प्रभावी निगरानी रखी जाए। जिलाधिकारी ने गणित की पूर्णकालिक शिक्षिका कायनात खानम से छात्राओं की गणित विषय की पढ़ाई के संबंध में जानकारी लेते हुए उनसे प्रश्न भी किए। छात्राओं की विषयगत समझ अपेक्षित स्तर की न पाए जाने पर उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के प्रति नाराजगी व्यक्त की तथा विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता में प्रभावी सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ उनकी विषयगत समझ और सीखने की क्षमता को मजबूत किया जाए। इसके उपरांत जिलाधिकारी ने विद्यालय की रसोई एवं भंडार गृह का निरीक्षण किया और छात्राओं के भोजन में प्रयोग की जाने वाली खाद्य सामग्री का अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिया कि शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री का ही प्रयोग किया जाए तथा छात्राओं को स्वच्छ, पौष्टिक एवं निर्धारित मानक के अनुरूप भोजन उपलब्ध कराया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि आवासीय विद्यालय में रहने वाली छात्राओं की शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को बेहतर एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ गुणवत्तापरक शिक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालय के सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन कराने तथा सभी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के अन्त में डीएम छात्राओं को स्टडी टेबल, डस्टर तथा मार्कर भेंट कर उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया।
:ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः