दिमागी बुखार से बचाव के लिए जागरूकता रैली, संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू

दिमागी बुखार से बचाव के लिए जागरूकता रैली, संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती। विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के तहत गुरुवार को राजकीय इंटर कॉलेज से जागरूकता रैली निकाली गई। नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती नेहा वर्मा, नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अंकुर वर्मा तथा मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव निगम ने फीता काटकर अभियान का शुभारंभ किया और जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

 

यह अभियान संचारी रोगों की रोकथाम एवं बचाव के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। संचारी रोग नियंत्रण अभियान 1 से 31 अक्टूबर तक तथा दस्तक अभियान 12 से 31 अक्टूबर 2026 तक संचालित होगा।

 

इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष ने लोगों को बुखार के समुचित इलाज की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि दिमागी बुखार जानलेवा हो सकता है और बीमारी के बाद शारीरिक एवं मानसिक विकलांगता भी हो सकती है। इसलिए बुखार होने पर तत्काल नजदीकी सरकारी अस्पताल ले जाना चाहिए। जनपद के सभी सीएचसी एवं पीएचसी पर बुखार के समुचित उपचार की व्यवस्था उपलब्ध है।

अभियान के दौरान लोगों ने अपने गांव, ब्लॉक, जनपद और प्रदेश को दिमागी बुखार से मुक्त करने का संकल्प लिया। लोगों से शौचालय का प्रयोग करने, दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने तथा व्यक्तिगत और आसपास की साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की गई। साथ ही बुखार से पीड़ित बच्चों के परिजनों को तत्काल सरकारी अस्पताल में उपचार कराने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया।

 

कार्यक्रम में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ए.के. गुप्ता, एएमओ चंद्र मोहन मल्होत्रा, जिला मलेरिया अधिकारी आर्येन्द्र दूबे, एसएमआई प्रमोद कुमार, मलेरिया इंस्पेक्टर ज्योति सिंह, अनिल कुमार, फाइलेरिया इंस्पेक्टर अभय वर्मा, विपिन चौधरी, एलटी मनीष सिंह, अब्दुल वारिस सहित विभागीय चिकित्साधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।