व्यक्तित्व के समग्र विकास में प्रतियोगिताएं महत्वपूर्ण : प्रो. सुनीता तिवारी

व्यक्तित्व के समग्र विकास में प्रतियोगिताएं महत्वपूर्ण : प्रो. सुनीता तिवारी

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती। महिला महाविद्यालय, बस्ती में सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार को भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का विषय “विकसित भारत की संकल्पना एवं सरकार की उपलब्धियां” रहा। कार्यक्रम प्राचार्या प्रो. सुनीता तिवारी के मार्गदर्शन एवं हिंदी विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर प्रियंका सिंह के निर्देशन में आयोजित हुआ।

 

कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्या प्रो. सुनीता तिवारी ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। नैंसी और चांदनी ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया। मुख्य अतिथि राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रघुवर पाण्डेय रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रियंका सिंह ने किया।

 

प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए विकसित भारत की संकल्पना पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए। छात्राओं ने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य केवल सरकार का नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही साकार हो सकता है। प्रतियोगिता ने छात्राओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा मंच पर आत्मविश्वास के साथ विचार रखने का अवसर प्रदान किया।

 

निर्णायक मंडल में डॉ. सीमा सिंह, डॉ. सुधा त्रिपाठी एवं डॉ. रुचि श्रीवास्तव शामिल रहीं। निर्धारित मानदंडों के आधार पर मूल्यांकन में एमए प्रथम वर्ष समाजशास्त्र की छात्रा सौम्या पाण्डेय ने प्रथम स्थान, तनु शुक्ला एवं पलक श्रीवास्तव ने द्वितीय स्थान तथा जुवेरिया खातून ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

 

कार्यक्रम की नोडल डॉ. सुधा त्रिपाठी, प्रभारी प्रियंका सिंह एवं सह-प्रभारी डॉ. संतोष यदुवंशी रहीं। इस अवसर पर डॉ. नूतन यादव, डॉ. वीना सिंह, डॉ. स्मिता सिंह, डॉ. सुहासिनी सिंह, नेहा परवीन, नेहा श्रीवास्तव, डॉ. प्रियंका मिश्रा, मोनी पांडे, प्रीति प्रजापति, पूनम यादव सहित महाविद्यालय की छात्राएं उपस्थित रहीं।