मुख्य राजस्व अधिकारी ने किया नगर पालिका बस्ती का निरीक्षण, ‘वेस्ट टू वंडर’ पार्क में दिलाई स्वच्छता की शपथ
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार को मुख्य राजस्व अधिकारी (CRO) बस्ती ने नगर पालिका परिषद बस्ती क्षेत्र का औचक भ्रमण एवं निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नगर पालिका क्षेत्र की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया तथा वेस्ट टू वंडर पार्क एवं आरआरआर (Reduce, Reuse, Recycle) सेंटर की गतिविधियों का गहन अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान सीआरओ ने कचरा प्रबंधन और अनुपयोगी वस्तुओं के पुनर्चक्रण से संबंधित व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे हर नागरिक को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना होगा।
बच्चों और नागरिकों ने ली स्वच्छता की शपथ
कार्यक्रम के दौरान शहर के बच्चों और स्थानीय नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए शपथ दिलाई गई। सभी उपस्थित लोगों ने अपने आसपास सफाई रखने, गंदगी न फैलाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। मुख्य राजस्व अधिकारी ने कहा कि स्वच्छ शहर के निर्माण में आम जनता की सहभागिता बेहद महत्वपूर्ण है। युवाओं और बच्चों को जोड़कर इस अभियान को और व्यापक बनाया जा सकता है।
‘चाय पर चर्चा’ में 30 सितंबर के आयोजन की बनी रणनीति
वेस्ट टू वंडर पार्क में निरीक्षण के बाद मुख्य राजस्व अधिकारी, नगर पालिका के अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक साथ बैठकर ‘चाय पर चर्चा’ की। इस दौरान आगामी 30 सितंबर को ‘सफाई मित्रों’ के लिए आयोजित होने वाले विशेष कार्यक्रम की तैयारियों पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने तथा जनसहभागिता बढ़ाने के उपायों पर चर्चा हुई।
इस अवसर पर नगर पालिका परिषद के विभिन्न अधिकारी, कर्मचारी, स्थानीय नागरिक और स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।