पैकोलिया पुलिस की पहल से मंदिर में विवाह बंधन में बंधा प्रेमी युगल
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। थाना पैकोलिया क्षेत्र के ग्राम दौलतपुर निवासी प्रेमी युगल का बुधवार को थाना परिसर स्थित मंदिर में परिजनों की सहमति से विवाह संपन्न हुआ। दोनों एक-दूसरे से प्रेम करते थे और साथ जीवन बिताना चाहते थे। दोनों पक्षों के बीच मतभेद की जानकारी मिलने पर पैकोलिया पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों पक्षों के परिजनों को थाने पर बुलाया।
प्रभारी निरीक्षक पैकोलिया के नेतृत्व में पुलिस टीम ने युवक-युवती के उम्र एवं शैक्षणिक प्रमाणपत्रों का सत्यापन किया, जिसमें दोनों बालिग पाए गए। इसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के साथ सकारात्मक काउंसलिंग करते हुए पारिवारिक एवं सामाजिक भविष्य को ध्यान में रखते हुए आपसी सहमति बनाने का प्रयास किया।
पुलिस के प्रयासों से दोनों परिवार विवाह के लिए सहमत हो गए। बुधवार, 23 सितंबर को सगे-संबंधियों, ग्राम प्रधान एवं संभ्रांत लोगों की मौजूदगी में थाना परिसर स्थित मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार और हिंदू रीति-रिवाज से विवाह संपन्न हुआ। नवदंपति ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाकर साथ निभाने का संकल्प लिया।
इस पहल पर नवदंपति, उनके परिजनों एवं ग्रामीणों ने पैकोलिया पुलिस की सराहना करते हुए आभार जताया।