एंटी रोमियो टीम ने 50 संदिग्धों से की पूछताछ, एक मनचले से भरवाया माफीनामा
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत बस्ती एंटी रोमियो स्क्वाड पुलिस टीम ने शनिवार को स्कूल-कॉलेज, बाजार, कोचिंग सेंटर और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया। अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक रूप से घूमने वाले शोहदों पर निगरानी रखना रहा।
एंटी रोमियो स्क्वाड प्रभारी महिला उपनिरीक्षक शाइस्ता के नेतृत्व में टीम ने थाना छावनी क्षेत्र के राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, अशोक शिक्षा शांति निकेतन, छावनी बाजार, कस्बा अमोढ़ा, कोचिंग सेंटरों के आसपास तथा प्रमुख सड़कों और चौराहों पर चेकिंग की। इस दौरान महिला दुकानदारों से भी बातचीत कर बाजार एवं चौराहों पर अनावश्यक रूप से घूमने वाले युवकों के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई।
पुलिस टीम ने अभियान के दौरान करीब 50 अनावश्यक रूप से घूम रहे व्यक्तियों से पूछताछ की। वहीं एक युवक से माफीनामा भरवाया गया। टीम ने महिलाओं की समस्याएं भी सुनीं और मौके पर उनके निस्तारण का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार चेकिंग के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना सामने नहीं आई।
एंटी रोमियो स्क्वाड ने महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने का संदेश दिया। अभियान में महिला हेड कांस्टेबल सुनीता यादव, महिला कांस्टेबल ममता चौहान और महिला कांस्टेबल रश्मि सिंह शामिल रहीं।