कस्तूरबा विद्यालय खजुरी में डीएम का औचक निरीक्षण, 86 में सिर्फ 37 बच्चे मिले उपस्थित

कस्तूरबा विद्यालय खजुरी में डीएम का औचक निरीक्षण, 86 में सिर्फ 37 बच्चे मिले उपस्थित

 

शौचालय और भवन की खराब स्थिति पर डीएम सख्त, मरम्मत राशि के खर्च की जांच के निर्देश

 

अंग्रेजी शिक्षक भी नहीं मिला, अनुपस्थित शिक्षिका पर उठे सवाल; भवन की जांच के लिए टीम गठित करने का आदेश

 

जितेन्द्र पाठक

 

संतकबीरनगर, 17 सितंबर। जिलाधिकारी आलोक कुमार ने गुरुवार को सांथा विकासखंड अंतर्गत कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय खजुरी का निरीक्षण कर पठन-पाठन, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और विद्यालय की साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कई व्यवस्थाएं अपेक्षा के अनुरूप नहीं मिलने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार और जांच के निर्देश दिए।

 

निरीक्षण के दौरान विद्यालय में पंजीकृत 86 बच्चों के सापेक्ष महज 37 बच्चे ही उपस्थित मिले। वहीं तीन पूर्णकालिक शिक्षिकाओं के सापेक्ष एक शिक्षिका अनुपस्थित पाई गई। जिलाधिकारी ने बच्चों से सीधे संवाद कर पठन-पाठन की गुणवत्ता, शिक्षण कार्य और विद्यालय में मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली तथा उन्हें नियमित रूप से पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।

 

जिलाधिकारी को बताया गया कि विद्यालय में अंग्रेजी विषय का कोई शिक्षक नहीं है। इस पर उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करते हुए व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

भवन और शौचालय की स्थिति पर डीएम ने जताई नाराजगी

 

निरीक्षण के दौरान विद्यालय के शौचालय और भवन की स्थिति अच्छी नहीं पाई गई। इस पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग को टीम गठित कर विद्यालय भवन की विस्तृत जांच कराने तथा जांच आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय भवन की मरम्मत के लिए करीब दो वर्ष पूर्व उपलब्ध कराई गई धनराशि के खर्च की भी जांच कराने को कहा।

 

उपस्थिति पंजिका के निरीक्षण में यह भी सामने आया कि विगत माह जुलाई में विद्यालय के निरीक्षण से संबंधित कोई टिप्पणी अंकित नहीं की गई थी। जिलाधिकारी ने इस मामले में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

 

निर्माणाधीन उच्चीकृत विद्यालय की गुणवत्ता पर भी नजर

 

इसी क्रम में जिलाधिकारी ने कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय के बगल में निर्माणाधीन उच्चीकृत विद्यालय के निर्माण कार्य का भी संज्ञान लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने तथा निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।

 

इस अवसर पर ओएसडी राकेश कुमार, कृष्णा गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।