थांगता मार्शल आर्ट, ताइक्वांडो में खिलाड़ियों ने दिखाया दम
-मंडल व जनपद स्तरीय प्रतियोगिताओं में विजेता खिलाड़ी सम्मानित
लवकुश सिंह संवाददाता अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। चौधरी त्रिवेणी राम बालिका इंटर कॉलेज कलवारी में थांगता मार्शल आर्ट और राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेइली में ताइक्वांडो का आयोजन बुधवार को किया गया। प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु एवं भार वर्गों में शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं के समापन पर विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल और ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
चौधरी त्रिवेणी राम बालिका इंटर कॉलेज कलवारी में आयोजित मंडल स्तरीय थांगता मार्शल आर्ट प्रतियोगिता का उद्घाटन प्रधानाचार्य प्रतिमा चौधरी एवं शारीरिक शिक्षा शिक्षक प्रभाकर रंजन ओझा ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर किया। जनपद सिद्धार्थनगर एवं संतकबीरनगर की टीमों के प्रतिभाग न करने के कारण बस्ती के प्रतिभागी खिलाड़ियों को विजयी घोषित किया गया। चयनित खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में मंडल का प्रतिनिधित्व करेंगे। बालिका वर्ग में आराध्या, सारा फातिमा और सोनी तथा बालक वर्ग में रोहित, वेद प्रकाश और अमित यादव का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ। निर्णायक की भूमिका माता प्रसाद त्रिपाठी ने निभाई, जबकि संचालन अजय कुमार वर्मा ने किया। समापन पर प्रधानाचार्य प्रतिमा चौधरी ने खिलाड़ियों को मेडल एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया।
वहीं राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेइली में आयोजित जनपद स्तरीय माध्यमिक विद्यालयीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के करीब 40 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। अंडर-19 बालक वर्ग में अमित प्रथम और रोहित द्वितीय रहे। अंडर-17 बालक वर्ग में चंद्रदीप, तौसीफ ने अपने-अपने भार वर्ग में प्रथम स्थान हासिल किया। बालिका वर्ग में आराध्या, मंदाकिनी, गुलफ्सा तथा अंडर-19 में खुशी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता का उद्घाटन प्रधानाचार्य राजेश सिंह एवं रामचन्द्र यादव ने किया। प्रतियोगिता प्रभाकर ओझा एवं माता प्रसाद त्रिपाठी की देखरेख में संपन्न हुई। निर्णायक की भूमिका सुभाष यादव एवं विनीत गुप्ता ने निभाई तथा संचालन शारीरिक शिक्षा शिक्षक अरुण कुमार ने किया।
इस अवसर पर दोनों विद्यालयों के शिक्षक, कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।