गोंडा-अयोध्या हत्याकांड से लेकर चन्द्रशेखर आजाद के काफिले पर हमले तक, ASP ने उठाए सवाल
राम अनुज फौजी ने राष्ट्रपति को भेजा चार सूत्रीय ज्ञापन, निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
पंचायत सहायकों से 68500 शिक्षक भर्ती तक मुद्दे उठे, धार्मिक स्थलों पर कार्रवाई की निष्पक्ष समीक्षा की मांग
जितेन्द्र पाठक
संत कबीर नगर। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के जिलाध्यक्ष राम अनुज (फौजी) ने जनहित, सामाजिक न्याय और कानून-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर राष्ट्रपति को संबोधित चार सूत्रीय ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से भेजा। ज्ञापन में गोंडा एवं अयोध्या में हुई हत्याओं, बाराबंकी में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना लोकसभा सांसद एडवोकेट चन्द्र शेखर आजाद के काफिले पर कथित हमले, पंचायत सहायकों की मांगों, 68500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण संबंधी प्रकरण तथा धार्मिक स्थलों से जुड़े मामले को उठाया गया है।
ज्ञापन में कहा गया है कि गोंडा में विनोद साहनी एवं रमेश कोरी तथा अयोध्या में राम लगन मौर्या की हत्या के बाद पीड़ित परिवारों से मिलने जा रहे आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना लोकसभा सांसद एडवोकेट चन्द्र शेखर आजाद के काफिले को 13 सितंबर 2026 को बाराबंकी के थाना रामनगर क्षेत्र के बुढ़वल में रोके जाने के बाद पथराव एवं हिंसक हमले की शिकायत सामने आई थी। पार्टी के अनुसार इस दौरान कई कार्यकर्ताओं को चोटें आईं और वाहनों को नुकसान पहुंचा।
पार्टी ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। साथ ही घटना से संबंधित CCTV फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को सुरक्षित कराने तथा मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों की भूमिका की जांच करने की मांग की गई है। ज्ञापन में लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग भी की गई है।
पंचायत सहायकों की मांगों का समाधान मांगा
दूसरे बिंदु में लखनऊ के ईको गार्डन में विभिन्न मांगों को लेकर धरना दे रहे पंचायत सहायकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया है कि पंचायत सहायकों की जायज मांगों पर सरकार सकारात्मक निर्णय लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करे।
68500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण प्रकरण उठाया
तीसरे बिंदु में 68500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण संबंधी प्रकरण का उल्लेख करते हुए पिछड़ा वर्ग आयोग द्वारा दिए गए आदेश का तत्काल अनुपालन सुनिश्चित कराने की मांग की गई है। पार्टी ने प्रभावित अभ्यर्थियों को नियमानुसार न्याय दिलाने की मांग उठाई।
धार्मिक स्थलों से जुड़े मामले में निष्पक्ष समीक्षा की मांग
चौथे बिंदु में सहारनपुर कबीरवाड़ परिसर में शिव मंदिर, गुरुद्वारा सहित अन्य धार्मिक स्थलों से संबंधित कार्रवाई का मुद्दा उठाया गया है। ज्ञापन में संबंधित कार्रवाई की निष्पक्ष समीक्षा कराने तथा कानून एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की गई। साथ ही किसी भी प्रकार के भेदभाव को समाप्त करने की बात कही गई है।
ज्ञापन में कहा गया कि सभी विषय जनहित, सामाजिक न्याय, कानून-व्यवस्था एवं संवैधानिक अधिकारों से जुड़े हैं।