जी.वी.एम. कॉन्वेंट स्कूल में विश्व ओजोन दिवस पर बच्चों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
लवकुश सिंह संवाददाता अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। जी.वी.एम. कॉन्वेंट स्कूल में बुधवार को विश्व ओजोन दिवस उत्साह एवं जागरूकता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. रीना पाठक, प्राचार्या के.डी.सी., ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर सैकड़ों विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। बच्चों ने ओजोन परत के महत्व और उसके संरक्षण से संबंधित आकर्षक पोस्टर, मॉडल एवं भाषण प्रस्तुत कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए विभिन्न मॉडलों की प्रदर्शनी भी लगाई गई।
मुख्य अतिथि डॉ. रीना पाठक ने कहा कि ओजोन परत पृथ्वी के लिए सुरक्षा कवच के समान है, जो सूर्य की हानिकारक पराबैंगनी किरणों से जीव-जगत की रक्षा करती है। उन्होंने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने तथा दैनिक जीवन में छोटे-छोटे प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।
भाषण प्रतियोगिता में अंशिका, प्रियांश और सादिया ने अपने ओजस्वी भाषणों से उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मॉडल प्रतियोगिता में हर्षिता एंड ग्रुप तथा जानवी एंड ग्रुप ने प्रथम, अविका एंड ग्रुप तथा आकाश एंड ग्रुप ने द्वितीय और जय एंड ग्रुप तथा हर्ष एंड ग्रुप ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मुख्य अतिथि ने विजेता विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का संचालन राकेश श्रीवास्तव एवं साकेत मिश्रा ने सफलतापूर्वक किया। इस अवसर पर राकेश, साकेत, सना, नीरज, अलीशा, राजेश, गिरीश, मनीष, अनूप, अमन, सावित्री, महिमा समेत विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।