महिला सुरक्षा, साइबर जागरूकता और अपराध नियंत्रण को लेकर बस्ती पुलिस का सघन चेकिंग अभियान
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। जनपद में महिलाओं की सुरक्षा, स्वावलंबन और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए बस्ती पुलिस लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में सोमवार को पुलिस अधीक्षक यशवीर सिंह के आदेश, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सदर मानसी दहिया के पर्यवेक्षण में महिला थाना प्रभारी डॉ. शालिनी सिंह की देखरेख में सघन चेकिंग व जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान महिला कांस्टेबल अनीता चौहान और गोल्डी वर्मा ने कोतवाली एवं पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के अंतर्गत श्री कृष्ण पांडेय इंटर कॉलेज, रोडवेज दक्षिण दरवाजा, पंचपेड़िया रोड, कटेश्वर पार्क, गांधी नगर और रोडवेज तिराहा सहित कई भीड़-भाड़ वाले इलाकों में गश्त की।
मिशन शक्ति फेज़-5 के तहत महिलाओं को किया जागरूक
भ्रमण के दौरान पुलिस टीम ने बाजार और सार्वजनिक स्थलों पर मौजूद महिलाओं एवं बालिकाओं को ‘मिशन शक्ति फेज़-5′ (नारी सुरक्षा, नारी सम्मान, नारी स्वावलंबन) के तहत सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। संकट के समय तत्काल सहायता पाने के लिए विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों—1090 (महिला पावर हेल्पलाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) और 108 (एम्बुलेंस सेवा) के उपयोग के बारे में विस्तार से समझाया गया।
साइबर अपराधों से बचाव और नए कानूनों की जानकारी
पुलिस टीम ने आमजन को ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधों के प्रति सचेत करते हुए इससे बचाव के तरीके बताए। किसी भी प्रकार का साइबर फ्रॉड होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई। इसके अलावा देश में लागू तीन नए आपराधिक कानूनों—’भारतीय न्याय संहिता 2023’, ‘भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023’ और ‘भारतीय साक्ष्य अधिनियम 2023’ की मुख्य विशेषताओं से नागरिकों को अवगत कराया गया तथा पुलिस के सीयूजी नंबरों पर संपर्क करने हेतु जानकारी दी गई।
अनावश्यक घूम रहे 57 लोगों से पूछताछ, 2 से भरवाया माफीनामा
सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत सार्वजनिक स्थानों पर अनावश्यक रूप से घूम रहे लगभग 57 व्यक्तियों को रोककर उनसे कड़ाई से पूछताछ की गई। इनमें से 02 व्यक्तियों से लिखित माफीनामा भरवाया गया, जबकि शेष अन्य को भविष्य में बिना वजह न घूमने की सख्त हिदायत देते हुए मौके पर छोड़ दिया गया।