मिशन शक्ति: बस्ती पुलिस के एण्टी रोमियो स्क्वाड ने हरैया क्षेत्र में चलाया चेकिंग अभियान, मनचलों पर कसी नकेल
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
हरैया / बस्ती। उत्तर प्रदेश सरकार के अतिमहत्वाकांक्षी ‘मिशन शक्ति’ अभियान के तहत बस्ती जिले में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।
पुलिस अधीक्षक बस्ती के आदेश और अपर पुलिस अधीक्षक के कुशल निर्देशन में सोमवार को एण्टी रोमियो स्क्वाड द्वारा जनपद के विभिन्न संवेदनशील स्थानों, स्कूल-कॉलेजों और सार्वजनिक चौराहों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान प्रभारी महिला उपनिरीक्षक शाइस्ता के नेतृत्व में एंटी रोमियो टीम ने थाना हरैया क्षेत्र के नेशनल इण्टर कॉलेज, हरैया बाजार, बभनान रोड, हरैया चौराहा तथा आसपास के कोचिंग सेंटरों और मुख्य मार्गों पर सघन चेकिंग की। टीम ने स्थानीय महिला दुकानदारों और नागरिकों से बातचीत कर नियमित रूप से अकारण घूमने वाले शोहदों के संबंध में जानकारी जुटाई।
40 संदिग्धों से पूछताछ, 02 मनचलों से भरवाया गया माफीनामा चेकिंग के दौरान सार्वजनिक स्थलों पर बिना किसी कारण के घूम रहे लगभग 40 संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई।
इस दौरान माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे 02 मनचलों को कड़ी चेतावनी देते हुए उनसे लिखित माफीनामा भरवाया गया। पुलिस की इस तत्परता से मनचलों में हड़कंप का माहौल रहा।
महिलाओं की सुनी गईं समस्याएं
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने स्थानीय महिलाओं और छात्राओं से सीधा संवाद किया, उनकी सुरक्षा संबंधी समस्याओं को सुना और मौके पर ही उनका उचित निस्तारण कराया।
चेकिंग के दौरान क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रही और कोई अप्रिय घटना सामने नहीं आई।
अभियान में शामिल पुलिस टीम:
महिला उपनिरीक्षक शाइस्ता (प्रभारी एण्टी रोमियो स्क्वाड, बस्ती)
महिला मुख्य आरक्षी सुनीता यादव
महिला आरक्षी ममता चौहान
बस्ती पुलिस का कहना है कि महिलाओं, बेटियों और बहनों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। मनचलों और शोहदों के खिलाफ यह अभियान आगे भी इसी तरह लगातार जारी रहेगा।