तीज पर्व से पूर्व दिल्ली स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में मातृशक्ति सम्मान समारोह

तीज पर्व से पूर्व दिल्ली स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में मातृशक्ति सम्मान समारोह

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज, बस्ती

 

बस्ती। दिल्ली स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, बस्ती में तीज पर्व के पूर्व मातृशक्ति सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। विद्यालय परिवार की ओर से विद्यार्थियों की माताओं को आमंत्रित कर उनका सम्मान किया गया। इस दौरान विभिन्न मनोरंजक खेल, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं प्रतिभा प्रदर्शन की प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं, जिनमें माताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं वंदना से हुआ। वंदना पांडेय, हर्षिता पांडेय, स्वाति सिंह, रेनू पांडेय, जागृति, अंकिता सिंह, शिखा उपाध्याय, रिचा एवं दिव्या त्रिपाठी सहित उपस्थित माताओं ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर आराधना की।

इसके बाद गीत, नृत्य, म्यूजिकल चेयर, रैंप वॉक और मेहंदी लगाओ प्रतियोगिता सहित कई रोचक कार्यक्रम आयोजित किए गए। माताओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। पूरे समारोह के दौरान विद्यालय परिसर हंसी-खुशी और उत्साह से सराबोर रहा।

कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय परिवार की ओर से सभी माताओं को सुंदर उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। माताओं ने विद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यालय और अभिभावकों के बीच आत्मीय संबंधों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम का सफल संचालन दिव्या त्रिपाठी ने किया। विद्यालय परिवार ने मातृशक्ति के सम्मान को सामाजिक एवं शैक्षिक सरोकारों से जोड़ते हुए इस आयोजन को यादगार बनाया।