साक्षरता दिवस पर यूरोकिड्स प्री-स्कूल में हुआ ‘दान उत्सव’, अनाथ बच्चों के लिए जुटाई शिक्षण सामग्री

साक्षरता दिवस पर यूरोकिड्स प्री-स्कूल में हुआ ‘दान उत्सव’, अनाथ बच्चों के लिए जुटाई शिक्षण सामग्री

 

लवकुश सिंह संवाददाता

अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती

 

बस्ती। अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर पचपेड़िया रोड स्थित यूरोकिड्स प्री-स्कूल एवं दिल्ली पब्लिक सीनियर स्कूल परिसर में ‘दान उत्सव’ का भावपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अनाथालय के जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा, पोषण और अन्य मूलभूत आवश्यकताओं में सहयोग करना तथा विद्यार्थियों में सेवा, करुणा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।

 

दान उत्सव में नन्हे विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने अनाथालय के बच्चों के लिए कॉपी, किताबें, पेंसिल, स्टेशनरी किट, कपड़े, खिलौने और खाद्य सामग्री दान की। विद्यालय प्रबंधन ने इस पहल को साक्षरता दिवस की भावना से जोड़ते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों को संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है।

 

विद्यालय की अकादमिक इंचार्ज दिव्या पाठक ने अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि साक्षरता केवल पढ़ने-लिखने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति को आत्मनिर्भर, संवेदनशील और समाज के प्रति जिम्मेदार बनाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद बच्चों तक शिक्षा के साधन पहुंचाना साक्षरता दिवस को सार्थक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

 

विद्यालय के वाइस प्रिंसिपल दिनेश त्रिपाठी ने कहा कि किताबी ज्ञान के साथ सामाजिक सरोकार, करुणा और नैतिक मूल्यों का समन्वय बच्चों के व्यक्तित्व को पूर्णता प्रदान करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।

 

कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षिकाओं नीलम चौधरी, लक्ष्मी वर्मा, प्रिया पांडेय, रश्मि शुक्ला, दीपांजलि एवं नंदिनी गडिया का विशेष योगदान रहा। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करने के साथ दान सामग्री के संकलन और व्यवस्था में सक्रिय भूमिका निभाई।

 

एकत्रित सभी सामग्रियों को व्यवस्थित कर स्थानीय अनाथालय के बच्चों तक सुरक्षित पहुंचाने की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षक वर्ग ने विद्यार्थियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए समाज के सभी वर्गों से सेवा एवं साक्षरता के ऐसे अभियानों से जुड़ने का आह्वान किया।