हनुमानगढ़ी परिसर में रामकथा का आयोजन, 200 श्रद्धालुओं ने लिया भाग

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। हरिओम द्रोणाचार्य धाम, चेराई, जोधपुर में सत्संग मंडली के तत्वावधान में हनुमानगढ़ी परिसर में भव्य रामकथा का आयोजन किया गया। रामकथा में संत-महात्माओं के सान्निध्य में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर कथा का श्रवण किया और प्रभु श्रीराम की भक्ति में लीन हुए। रामकथा का आयोजन महाराज संत श्री परमेश्वर दास जी के मार्गदर्शन तथा गुरुजी नयनश्री दुर्गा दास जी महाराज के सान्निध्य में हुआ। कथा का वाचन प्रसिद्ध कथावाचक संत श्री सुरेश दास जी महाराज रामावत ने किया।
कथावाचक ने रामकथा के विभिन्न प्रसंगों के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्श जीवन, मर्यादा, भक्ति और धर्म के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि श्रीराम का जीवन मानव समाज को सत्य, सेवा, त्याग और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। कथा के दौरान हनुमान जी की भक्ति और प्रभु श्रीराम के प्रति उनके समर्पण का भी भावपूर्ण वर्णन किया गया।
इस धार्मिक आयोजन में करीब 200 श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कथा के दौरान परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा और श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन एवं धार्मिक कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।आयोजक सत्संग मंडली की ओर से श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं। आयोजन के समापन पर संत-महात्माओं का आशीर्वाद प्राप्त कर श्रद्धालुओं ने सुख-शांति और लोककल्याण की कामना की।