अवधबिहारी कुंज में धूमधाम से संपन्न हुआ द्वितीया सीएपीए मिलन महामहोत्सव, संतों ने की राम कथा की महिमा पर चर्चा

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या।श्री अवधबिहारी कुंज, श्रीधाम अयोध्या में आयोजित द्वितीया सीएपीए मिलन महामहोत्सव अपने आठवें और अंतिम दिवस पर अत्यंत भव्यता और दिव्यता के साथ संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर देश-विदेश से पधारे संतों, महंतों और परिकर के श्रद्धालुओं ने राम कथा का आनंद लिया और भगवान श्री राम की महिमा का गुणगान किया। समारोह के दौरान मीडिया से बातचीत करते हुए महंत गणेश दास संत ने बताया कि यह महामहोत्सव अनंत श्री संपन्न श्री जगद्गुरु अग्रपीठाधीश्वर साकेतवासी परम पूज्य स्वामी श्री राघवाचार्य जी महाराज की कृपा और अनंत श्री संपन्न श्री हरिकृष्ण दास जी महाराज (ग्वालियर बाबा) एवं उनके शिष्य परिकर के सान्निध्य में आयोजित किया जा रहा है। महंत गणेश दास ने बताया कि महोत्सव के आठवें दिन राम कथा को लेकर श्रद्धालुओं में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। अयोध्या के समस्त महापुरुषों, संतों और दूर-दराज से आए भक्तों के लिए प्रतिदिन विशाल भंडारे और भोजन प्रसाद की व्यवस्था की गई। संतों ने इस सफल आयोजन के लिए ठाकुर जी की असीम कृपा और अवधबिहारी कुंज के परिकर की सेवा भावना की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
समारोह के समापन पर सभी संतों ने एक-दूसरे को मंगलमय शुभकामनाएं देते हुए अयोध्या धाम के समग्र कल्याण और संतों की सेवा का संकल्प दोहराया। इस दौरान पूरा पंडाल ‘जय श्री सीताराम’ और ‘जय श्री अयोध्या धाम’ के जयकारों से गूंज उठा।