लखनऊ उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग की अपर परिवहन आयुक्त (प्रशासन) चित्रलेखा सिंह ने उप परिवहन आयुक्त (परिक्षेत्र), लखनऊ राधेश्याम के साथ सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय, विस्तार पटल, ट्रांसगोमती, देवा रोड का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की व्यवस्थाओं, कर्मचारियों की उपस्थिति, आवेदकों की सुविधाओं, सीसीटीवी निगरानी और अभिलेखों की स्थिति का जायजा लिया।अपर परिवहन आयुक्त ने कार्यालय परिसर के बाहर और अंदर मौजूद आवेदकों से बातचीत कर उनके कार्यालय आने का कारण पूछा तथा उनके आवेदन और पहचान पत्रों का अवलोकन किया। सभी व्यक्ति वास्तविक आवेदक पाए गए। उन्होंने आवेदकों से यह भी जानकारी ली कि किसी कर्मचारी अथवा अन्य व्यक्ति द्वारा अतिरिक्त धनराशि की मांग तो नहीं की गई। सभी आवेदकों ने ऐसी किसी मांग से इनकार किया।इसके बाद उन्होंने विभिन्न पटलों पर कार्यरत कर्मचारियों का निरीक्षण किया। सभी सरकारी कर्मचारी पहचान पत्र पहने हुए मिले। हालांकि, लाइसेंस मुद्रण कार्य में लगे सेवा प्रदाता कंपनी के कर्मचारियों के पास कंपनी का पहचान पत्र नहीं पाया गया। इस पर उन्होंने संबंधित कंपनी को सभी कर्मचारियों को पहचान पत्र उपलब्ध कराने और उन्हें कार्यालय में अनिवार्य रूप से धारण कराने के निर्देश दिए।उपस्थिति पंजिकाओं के निरीक्षण में दो सरकारी कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। अपर परिवहन आयुक्त ने अनुपस्थित कर्मचारियों के वेतन रोकने की कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यालय में लगे 13 सीसीटीवी कैमरों की कवरेज का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि कैमरों की 15 दिन की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रहती है। उन्होंने निर्देश दिया कि इसकी रिकॉर्डिंग उसी दिन शाम तक मुख्यालय को उपलब्ध कराई जाए।उन्होंने कार्यालय के सभी अभिलेख कक्षों का भी निरीक्षण किया। अत्यधिक अभिलेख होने के कारण स्थान की कमी को देखते हुए मुख्यालय द्वारा जारी परिपत्र के अनुसार तत्काल अभिलेखों की बिडिंग कराने के निर्देश दिए गए। जिन अभिलेखों की बिडिंग संभव नहीं है, उनकी स्कैनिंग के संबंध में मुख्यालय को प्रस्ताव भेजने के भी निर्देश दिए गए।