बस्ती: चर्चित वाल्टरगंज थाना प्रभारी (एसओ) सूर्य प्रकाश सिंह आत्महत्या मामले में पुलिस की तफ्तीश जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, तहें दरकती जा रही हैं। घटनास्थल से कोई आधिकारिक सुसाइड नोट भले ही बरामद न हुआ हो, लेकिन पुलिस के हाथ लगे इलेक्ट्रानिक साक्ष्य और काल डिटेल रिकार्ड (सीडीआर) इस सनसनीखेज मामले को एक नए मोड़ पर ले आए हैं। हालांकि पुलिस को फोरेंसिक साइंस लैब की रिपोर्ट का इंतजार है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस की पूरी जांच अब महिला के भी इर्द-गिर्द केंद्रित हो चुकी है। हालांकि यह महिला पुलिस या परिवार से संबंधित नहीं बताई जा रही है। घटना के बाद से ही पुलिस ने एसओ के सरकारी और पर्सनल दोनों मोबाइल नंबरों को अपने कब्जे में लेकर उनकी तकनीकी जांच की जा रही है। शुरुआती तफ्तीश में यह बात सामने आई है कि एसओ ने अपनी जीवनलीला समाप्त करने से ठीक पहले कुछ चुनिंदा नंबरों पर लंबी बातचीत की थी या संपर्क साधने की कोशिश की थी। इनमें एक महिला का नंबर पुलिस की विशेष जांच के दायरे में है। पुलिस अब इस बात की बारीकी से पड़ताल कर रही है कि उस महिला के साथ दिवंगत एसओ के संबंध किस तरह के थे और क्या घटना से ठीक पहले हुई किसी बातचीत या मानसिक दबाव ने उन्हें यह खौफनाक कदम उठाने पर मजबूर किया।