कृष्णमय हुआ स्कूल, गुरु की भूमिका में नजर आए विद्यार्थी
-जन्माष्टमी पर मटकी फोड़ में दिखा उत्साह, नन्हे कान्हा के रूप में बच्चों ने मोहा मन
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। सनातन ग्लोबल स्कूल हर्रैया में शनिवार को जन्माष्टमी एवं शिक्षक दिवस का समारोह हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में भारतीय संस्कृति, संस्कार और गुरु-शिष्य परंपरा की मनोहारी झलक देखने को मिली। विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं और शिक्षकों के महत्व को जीवंत किया।जन्माष्टमी के अवसर पर विद्यार्थियों ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं पर आधारित विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। मटकी फोड़ कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पूरे जोश के साथ हिस्सा लिया। वहीं, नन्हे-मुन्ने बच्चे श्रीकृष्ण का मनमोहक रूप धारण कर आकर्षण का केंद्र बने रहे। उनकी वेशभूषा और भाव-भंगिमाओं ने सभी का मन मोह लिया।
शिक्षक दिवस पर विद्यार्थियों ने शिक्षकों को सम्मान देने के साथ ही उनकी भूमिका को समझने की अनूठी पहल की। विद्यार्थियों ने कक्षाओं में अध्यापक की भूमिका निभाई और अपने सहपाठियों को पढ़ाया। इस गतिविधि के माध्यम से उन्हें शिक्षण कार्य की जिम्मेदारी, धैर्य और चुनौतियों को करीब से समझने का अवसर मिला। विद्यालय की निदेशक कविता त्रिपाठी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल पुस्तकीय ज्ञान हासिल करना नहीं, बल्कि अच्छे संस्कार, अनुशासन और मानवीय मूल्यों को जीवन में उतारना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों को सभी के प्रति सम्मानजनक व्यवहार करने, बड़ों का आदर करने तथा अपनी संस्कृति और संस्कारों पर गर्व करने के लिए प्रेरित किया।
समारोह ने विद्यार्थियों को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, भारतीय संस्कृति और गुरु-शिष्य परंपरा से जुड़ने का अवसर दिया। वहीं, शिक्षक की भूमिका निभाकर विद्यार्थियों ने गुरु के महत्व और उनके दायित्वों को समझने का अनुभव प्राप्त किया। कार्यक्रम का समापन उल्लासपूर्ण वातावरण में सकारात्मक एवं प्रेरक संदेश के साथ हुआ।